Trending

म्यांमार के एयरपोर्ट पर 6 सुसाइड ड्रोन से हमला, दो दिन के लिए उड़ानें ठप

नेप्यीडॉ: म्यांमार के दूसरे सबसे व्यस्त हवाई अड्डे पर गुरुवार को ड्रोन हमला किए जाने के बाद हवाई सेवाएं प्रभावित हो गईं। सैन्य समर्थित सरकार ने आरोप लगाया है कि लोकतंत्र समर्थक विद्रोहियों ने एयरपोर्ट क्षेत्र को निशाना बनाकर छह सुसाइड ड्रोन दागे। हमले के बाद एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित हुई और कई उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा।सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हमले के कारण कुछ घरेलू उड़ानों में देरी हुई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। एयरपोर्ट और उसके आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और घटना की जांच की जा रही है।वहीं, विमानों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के डेटा के अनुसार, कम से कम एक विमान को अपने तय गंतव्य के बजाय दूसरे रास्ते पर डायवर्ट करना पड़ा। इससे साफ है कि ड्रोन हमले का असर सिर्फ एयरपोर्ट परिसर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ।म्यांमार में सैन्य शासन और लोकतंत्र समर्थक विद्रोही समूहों के बीच लंबे समय से संघर्ष चल रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसा और हमलों की घटनाएं सामने आती रही हैं। फिलहाल इस ड्रोन हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है। अधिकारियों ने घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है।