Trending

Kanpur : क्या किटी पार्टी सिर्फ इत्तेफाक थी? हत्या वाली रात बेटा-बहू के डांस पर सवाल

Kanpur : दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या वाली रात उनके बेटे सुब्रत और बहू शालू के तिलक नगर स्थित कास्मोजिन लाउंज में किटी पार्टी में शामिल होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस पार्टी की आयोजक शालू थीं। जेल में बंद शालू के बड़े भाई धीरज अरोड़ा ने कहा है कि यह महज संयोग था कि जिस रात विनीत की हत्या हुई, उसी रात उनकी बहन और बहनोई किटी पार्टी में गए थे। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि हत्या के बाद दोनों पार्टी में जाकर जश्न मना रहे थे।धीरज के मुताबिक, सुब्रत के वॉट्सऐप पर करीब 10-15 दवा कारोबारियों का एक ग्रुप है, जिसके सदस्य हर महीने किटी पार्टी करते हैं। हर बार ग्रुप का कोई सदस्य पार्टी का आयोजन करता है और इस बार यह जिम्मेदारी शालू की थी। हालांकि, पुलिस को हत्या वाली रात का एक वीडियो मिला है, जिसमें शालू और सुब्रत को लाउंज में नाचते हुए देखा जा रहा है। पुलिस अब इस वीडियो के स्रोत और समय की पुष्टि कर रही है।वहीं, लाउंज संचालक लवी मिश्रा के बयान में भी अलग जानकारी सामने आई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि शनिवार रात की किटी पार्टी रतनलाल नगर स्थित नवीन मेडिकल स्टोर के संचालक नवीन ने 1 सितंबर को बुक की थी। पार्टी में करीब 33 लोग शामिल हुए थे और इनमें तीन-चार लोगों का जन्मदिन भी था। उनके मुताबिक, सभी लोग रात करीब 10:30 बजे लाउंज पहुंचे और करीब 3 बजे वहां से निकले।पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, वायरल वीडियो कब, कहां और किसने बनाया, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, लेकिन रिकॉर्डिंग फुटेज उपलब्ध नहीं हो सकी। पुलिस को लाइव फुटेज मिली है, जिसके स्रोत और समय की जांच की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।