जो रूट ने फिर छीना टेस्ट क्रिकेट का बड़ा फील्डिंग रिकॉर्ड, स्मिथ को छोड़ा पीछे
इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान जो रूट एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बतौर फील्डर सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस रिकॉर्ड को लेकर रूट और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है। दोनों ही खिलाड़ी बेहतरीन स्लिप फील्डर हैं।
रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ एजबेस्टन में जारी तीसरे और आखिरी टेस्ट के दौरान अब्दुल्ला शफीक का कैच पकड़ एक बार फिर यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया। रूट अब टेस्ट क्रिकेट में बतौर फील्डर सबसे ज्यादा 220 कैच पकड़ चुके हैं, जबकि स्मिथ 219 कैच के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गए हैं।

इस लिस्ट में टीम इंडिया के स्लिप स्पेशलिस्ट राहुल द्रविड़ भी मौजूद हैं, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में बतौर फील्डर 210 कैच ली थीं। द्रविड़ के अलावा लिस्ट में महेला जयवर्धने और जैक कैलिस जैसे दिग्गज भी मौजूद हैं।
जो रूट का बल्ला पाकिस्तान के खिलाफ इस सीरीज में बिल्कुल नहीं चला है। 3 मैचों की चार पारियों में वह 102 रन ही बना पाए हैं। कप्तान बनते ही उनके परफॉर्मेंस में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। बेन स्टोक्स की कप्तानी में रूट बल्ले से खूब तबाही मचा रहे थे। पहले दो टेस्ट हारकर सीरीज गंवा चुकी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।
तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने स्क्वॉड में आधे दर्जन से भी ज्यादा बदलाव किए, वहीं कोचिंग स्टाफ भी बदल डाला, मगर पाकिस्तान का प्रदर्शन है कि सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में पाकिस्तान की पूरी टीम 133 रनों पर ढेर हो गई। जिसके बाद इंग्लैंड ने 453 रन बोर्ड पर लगाकर 320 रनों की बढ़त हासिल की।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने दूसरी पारी में भी 2 विकेट गंवा दिए है। पहले ही ओवर में ओली रॉबिन्सन ने सैम अयूब और अब्दुल्ला शफीक का शिकार किया। दोनों ही खिलाड़ी स्लिप में आउट हुए। जिस तरह पाकिस्तान के बल्लेबाजों का प्रदर्शन इंग्लैंड दौरे पर रहा है, उसे देखकर लगता नहीं कि यह मैच तीन दिन से ज्यादा चलेगा। इंग्लैंड की नजरें तीसरे ही दिन पाकिस्तान को ऑलआउट कर सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमाने पर होगी।
टेस्ट में फील्डर के तौर पर सबसे ज्यादा कैच
220* – जो रूट
219 – स्टीवन स्मिथ
210 – राहुल द्रविड़
205 – महेला जयवर्धने
200 – जैक्स कैलिस