विराट कोहली के 2027 वर्ल्ड कप खेलने पर राजकुमार शर्मा का बड़ा बयान, बोले- चर्चा की जरूरत नहीं
दिग्गज भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और रोहित शर्मा वनडे में एक बार फिर टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। हालांकि हर सीरीज के साथ उनके आगामी वनडे विश्व कप 2027 में हिस्सा होने को लेकर चर्चा शुरू होती है और फिर संन्यास तक पहुंच जाती है।
दोनों ही खिलाड़ी टी20 और टेस्ट से रिटायर हो चुके हैं और अब सिर्फ 50 ओवर के क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान रोहित शर्मा के संन्यास लेने की खबरें सामने आई थी लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं। वहीं कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा का मानना है कि विराट कोहली की वनडे विश्व कप में जगह को लेकर कोई सवाल ही नहीं होना चाहिए।
राजकुमार शर्मा ने एक अंग्रेजी चैनल से बातचीत में कहा, ”मुझे लगता है आपको खुद देखना चाहिए। कि वह क्या कर रहा है, उसने पिछले कुछ मैचों में क्या किया है और वह मैदान पर कैसा कर रहा है। इसलिए मुझे लगता है कि इस पर चर्चा भी नहीं होनी चाहिए।”

2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से कोहली वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 12 मैचों में 76 के औसत से 760 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने तीन शतक और पांच अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने आगे कहा, ”मेरा मतलब है कि बतौर खिलाड़ी, मुझे लगता है कि वो शानदार हैं। इसमें कोई शक नहीं कि वे मैच विजेता हैं। जब उनका दिन होता है, तो मैच जीत ही लेते है।”
राजकुमार ने रोहित शर्मा को लेकर भी यही बात दोहराई। पूर्व भारतीय कप्तान लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से 15 मैचों में 727 रन बनाए हैं। जिसमें दो शतक शामिल है। कोच ने कोहली को लेकर कहा, ”उन्हें अपनी क्षमता पर जबरदस्त भरोसा था और वे बहुत मेहनत करते हैं। उनकी वर्क एथिक्स बेहतरीन है। मेरा मतलब है कि भगवान ने उन्हें क्रिकेट के लिए ही बनाया था और उनकी कार्यशैली सचमुच शानदार थी, इसीलिए वे इतने बड़े खिलाड़ी बने।”
राजकुमार ने तारीफ करते हुए कहा, ”उन्होंने फिटनेस के प्रति सिर्फ क्रिकेटर्स को जागरूक नहीं किया बल्कि पूरे देश को किया। उन्होंने भारतीय क्रिकेट में काफी योगदान दिया है और मुझे उस पर गर्व है। हम आपस में भी बात करते रहते हैं। जब वो कप्तान बने तो उन्होंने कहा था कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि हम वहां पहुंचेंगे। मतलब, यह बहुत यादगार पल है। हम उन दिनों को हमेशा याद करते हैं।”