Trending

‘पटाखे मत फोड़ो, शंख मत बजाओ… यह कैसा न्याय?’ गणेशोत्सव पर रोक को लेकर कर्नाटक सरकार पर बरसी बीजेपी, आर अशोक ने लगाए गंभीर आरोप

New Delhi : कर्नाटक की सिद्दारमैया सरकार एक बार फिर त्योहारों के दौरान पुलिसिया कार्रवाई और प्रतिबंधों को लेकर विपक्ष के निशाने पर आ गई है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ बीजेपी नेता आर. अशोक ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य की कांग्रेस सरकार पर गणेशोत्सव मनाने वाले आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को प्रताड़ित करने का खुला आरोप लगाया है. बीजेपी का दावा है कि पुलिस प्रशासन द्वारा शोभा यात्राओं पर अघोषित प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं, जबकि शांति और सद्भाव बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है.टी. नरसीपुर की वायरल घटना पर गरमाई सियासतबीजेपी नेता आर. अशोक ने मैसूर जिले के टी. नरसीपुर की एक हालिया घटना का विशेष रूप से जिक्र किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी गणेश पूजा समिति के सदस्यों को चेतावनी देते और धमकाते हुए नजर आ रहा है कि वे मस्जिदों के सामने से जुलूस न निकालें, पटाखे न फोड़ें और नृत्य न करें. अशोक ने इस पुलिसकर्मी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उसे तुरंत निलंबित किए जाने की मांग की है. उनका कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षा मुहैया कराने के बजाय पुलिस उन्हें कानून का डर दिखाकर डरा-धमका रही है.मस्जिदों के सामने से निकलने वाली शोभा यात्राओं पर ही क्यों आपत्ति?आर. अशोक ने राज्य सरकार से तीखा सवाल पूछते हुए कहा कि जब गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्राएं गिरजाघर, गुरुद्वारों, जैन मंदिरों या बौद्ध पूजा स्थलों के सामने से गुजरती हैं, तब कभी कोई विवाद या समस्या सामने नहीं आती. उन्होंने सवाल किया कि आखिर मस्जिदों के पास पहुंचते ही ऐसी आपत्तियां क्यों उठाई जाती हैं. बीजेपी का आरोप है कि मद्दूर, कोलार और टी. नरसीपुर समेत कई अन्य इलाकों में गणेशोत्सव के दौरान लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर कड़े प्रतिबंध थोपे जा रहे हैं, जबकि अन्य धार्मिक स्थलों के मामले में दोहरे मानदंड अपनाए जा रहे हैं.तालिबान शैली का शासन चलाने का लगाया आरोपबीजेपी ने कर्नाटक सरकार पर राज्य में ‘तालिबान जैसी शैली’ का प्रशासन चलाने का कड़ा आरोप लगाया है. आर. अशोक ने कहा कि आज हिंदुओं से यह कहा जा रहा है कि वे अपने ही देश में स्वतंत्र रूप से गणेशोत्सव का पर्व नहीं मना सकते. उन्होंने प्रशासन द्वारा गणेशोत्सव की अनुमति के लिए आयोजकों पर जटिल शर्तें लादने और उन्हें अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर कटवाने की भी कड़ी आलोचना की. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पुलिस के इस मनमाने रवैया के विरोध में खुद टी. नरसीपुर का दौरा करेंगे और प्रशासनिक ज्यादतियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे.