नेपोमनियाच्ची ने कार्लसन को दी मात, गैंगेज ग्रैंडमास्टर्स ने जीता जीसीएल खिताब
बेंगलुरु। विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन के खिलाफ इयान नेपोमनियाच्ची ने निर्णायक समय पर मिली स्थिति का फायदा उठाते हुए शानदार जीत दर्ज की, जिसके दम पर गैंगेज ग्रैंडमास्टर्स ने रविवार को गत चैंपियन एल्पाइन एपीएल पाइपर्स को हराकर ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) का पहला खिताब अपने नाम कर लिया। टेक महिंद्रा और फिडे की संयुक्त पहल वाली जीसीएल के सीजन-4 का फाइनल बेंगलुरु में खेला गया।
एफवाईईआरएस अमेरिकन गैम्बिट्स ने चेेक्यू मुम्बा मास्टर्स को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया
दो चरणों के फाइनल में गैंगेज ग्रैंडमास्टर्स ने पाइपर्स को 7-5 से हराया। पहला चरण 3-3 से बराबर रहने के बाद दूसरे चरण में ग्रैंडमास्टर्स ने 4-2 से जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं, एफवाईईआरएस अमेरिकन गैम्बिट्स ने दो चरणों के तीसरे स्थान के प्लेऑफ में चेेक्यू मुम्बा मास्टर्स को 7.5-4.5 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। गैम्बिट्स ने पहला चरण 3.5-2.5 और दूसरा चरण 4-2 से जीता।
जीसीएल सीजन-4 का लीग चरण बेहद रोमांचक रहा। प्रतियोगिता के इतिहास के सबसे कड़े लीग चरणों में से एक में सभी छह टीमें आठवें राउंड तक शीर्ष चार में जगह बनाने की दौड़ में बनी हुई थीं। फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमों का फैसला शनिवार शाम अंतिम लीग मुकाबला समाप्त होने के बाद हुआ।

पाइपर्स ने फाइनल में जगह चेेक्यू मुम्बा मास्टर्स के आखिरी लीग मुकाबले में एफवाईईआरएस अमेरिकन गैम्बिट्स पर जीत दर्ज करने के बाद बनाई। वहीं, गैंगेज ग्रैंडमास्टर्स लीग चरण में बेहतर गेम प्वाइंट के आधार पर शीर्ष पर रही थी। लीग चरण के विपरीत नॉकआउट मुकाबलों में काले और सफेद मोहरों से जीत के लिए समान एक अंक निर्धारित था। लीग चरण में काले मोहरों से जीत के चार और सफेद मोहरों से जीत के तीन अंक मिलते थे। ऐसे में नॉकआउट चरण में दो चरणों के कुल स्कोर में अधिक बाजियां जीतना खिताब की कुंजी था।
पहला चरण 3-3 से बराबर
फाइनल के पहले चरण में गैंगेज ग्रैंडमास्टर्स ने शुरुआत से ही दबाव बनाया। लेवोन एरोनियन ने अनिश गिरी के खिलाफ मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा और गिरी 49 चालों के बाद समय समाप्त होने के कारण हार गए।
हालांकि बाकी बोर्ड पर मुकाबले ड्रॉ रहे। ऐसे में पाइपर्स को मैच बराबर करने के लिए वोलोदार मुर्जिन की जीत जरूरी थी। पूर्व विश्व रैपिड चैंपियन मुर्जिन ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए ल्यूक लियोन मेंडोंका को 49 चालों में हार मानने पर मजबूर किया और पहला चरण 3-3 से बराबर करा दिया।
दूसरे चरण में नेपोमनियाच्ची ने बदला रुख
पहला चरण बराबर रहने के बाद पाइपर्स को सफेद मोहरों के साथ दूसरे चरण में खिताब बरकरार रखने का अच्छा मौका नजर आ रहा था। खासकर आइकन बोर्ड पर मैग्नस कार्लसन की स्थिति मजबूत दिखाई दे रही थी।
लेकिन 28वीं चाल पर कार्लसन ने आक्रामक अंदाज में बढ़त बनाने की कोशिश में एक रणनीतिक गलती कर दी। नेपोमनियाच्ची ने मौके को हाथ से जाने नहीं दिया और शानदार अंदाज में बाजी अपने पक्ष में कर ली। इसके बाद स्तावरोउला त्सोलाकिदू ने कोनेरू हम्पी को हराकर गैंगेज ग्रैंडमास्टर्स को निर्णायक बढ़त दिला दी। दूसरे चरण में ग्रैंडमास्टर्स ने 4-2 से जीत दर्ज की और दोनों चरणों का कुल स्कोर 7-5 करते हुए पहली बार जीसीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
त्सोलाकिदू को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया और उन्हें पुरस्कार के तौर पर जावा मोटरसाइकिल प्रदान की गई। नेपोमनियाच्ची को भी फाइनल में उनके निर्णायक प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
खिताब जीतने के बाद नेपोमनियाच्ची ने माना कि मुकाबले में वह एक समय मुश्किल स्थिति में थे, लेकिन उन्हें वापसी का मौका मिला और उन्होंने कार्लसन की गलती का फायदा उठाया। उन्होंने टीम के समर्थन और एकजुटता को भी खिताबी जीत की खास वजह बताया।
त्सोलाकिदू बनीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
गैंगेज ग्रैंडमास्टर्स की त्सोलाकिदू को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने 12 मैचों में छह जीत और तीन ड्रॉ के साथ कुल 21.5 अंक हासिल किए। उन्हें भी पुरस्कार के रूप में जावा मोटरसाइकिल मिली।
चेेक्यू मुम्बा मास्टर्स की डी हरिका टूर्नामेंट में ऐसी एकमात्र खिलाड़ी रहीं, जिन्हें एक भी मुकाबले में हार का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने 12 मैचों में चार जीत और आठ ड्रॉ के साथ 18.5 अंक जुटाए। जीसीएल के चौथे सीजन में नौ दिनों तक दर्शकों की शानदार मौजूदगी देखने को मिली। टूर्नामेंट के दौरान लीग के यूट्यूब सब्सक्राइबर बेस में पांच गुना बढ़ोतरी हुई, जबकि सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स की संख्या दोगुने से अधिक हो गई।
जीसीएल कमिश्नर गौरव रक्षित ने कहा कि दर्शकों की जबरदस्त भागीदारी और लीग के प्रति मिले समर्थन ने यह भरोसा मजबूत किया है कि जीसीएल को प्रशंसकों को खेल के और करीब लाने तथा शतरंज के इर्द-गिर्द एक मजबूत समुदाय तैयार करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। उन्होंने खिलाड़ियों और प्रशंसकों के उत्साह के लिए आभार भी जताया।
गैम्बिट्स ने तीसरा स्थान हासिल किया
शनिवार को चेेक्यू मुम्बा मास्टर्स से मिली हार के बाद एफवाईईआरएस अमेरिकन गैम्बिट्स ने जोरदार वापसी की और तीसरे स्थान के दोनों मुकाबले जीतकर पोडियम पर जगह बनाई। पहले चरण में गैम्बिट्स ने 3.5-2.5 से जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले काले मोहरों से खेलने उतरी गैम्बिट्स की ओर से डी हरिका ने मुम्बा मास्टर्स के लिए एकमात्र पूर्ण अंक हासिल किया।
दूसरे चरण में गैम्बिट्स ने 4-2 से जीत दर्ज की और दो चरणों के कुल स्कोर को 7.5-4.5 करते हुए तीसरा स्थान पक्का किया। निहाल सरीन, जो शनिवार को जीत की स्थिति में होने के बावजूद मुकाबला गंवा बैठे थे, ने शानदार वापसी करते हुए दोनों मुकाबलों में एम. प्रणेश को हराया। मार्क’आंद्रिया मौरिजी ने भी दोनों मैचों में जीत दर्ज कर गैम्बिट्स के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया।
दूसरे चरण में आइकन खिलाड़ी जावोखिर सिंदारोव ने मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के खिलाफ ड्रॉ खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में रखा। इसके बाद निहाल और मौरिजी ने जीत दर्ज कर गैम्बिट्स का तीसरा स्थान सुनिश्चित कर दिया। निहाल को उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कहा कि वह शनिवार की हार की निराशा को पीछे छोड़कर अगले दिन दोनों मुकाबले जीतने में सफल रहे और टीम की वापसी से खुश हैं।