लखनऊ में पहली बार वुमेन्स प्रीमियर लीग, 23 सितंबर से सजेगा क्रिकेट का मंच

लखनऊ। नवाबी नगरी में पहली दफा होने जा रही लखनऊ वुमेन्स क्रिकेट लीग की चमचमाती ट्राफी और लोगो का गुरुवार बीबीडी बैडमिंटन अकादमी के सभागार में भव्य अनावरण हुआ।

लखनऊ वुमेन्स लीग के लोगो और ट्राफी का अनावरण, लीग का आगाज 23 सितम्बर को और समापन 28 सितम्बर को

अनावरण सीएएल के अध्यक्ष एवं लीग के चेयरमैन डा. नवनीत सहगल एवं सीएएल सचिव केएम खान ने किया। खिलाड़ियों की नीलामी शुक्रवार को होगी। इस मौके पर लीग के चेयरमैन एवं सीएएल के अध्यक्ष डा. नवनीत सहगल ने बताया कि लखनऊ की महिला क्रिकेटरों के लिए यह अपने किस्म का पहला बड़ा इवेंट है। पहली बार एक पेशेवर रवैये के तहत खिलाड़ियों को सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।

12 मैच, 480 ओवर, 140 खिलाड़ी और 06 टीमें, शुक्रवार को होगी खिलाड़ियों की नीलामी

डा. सहगल ने बताया कि लीग 23 सितम्बर को शुरू होगी और 28 सितम्बर को फाइनल खेला जाएगा। छह टीमों के बीच होने वाली इस लीग के शुरुआती मुकाबले गोमती रिवर फ्रंट में बने सेज क्रिकेट मैदान पर होंगे। फाइनल और सेमीफाइनल केडी सिंह बाबू स्टेडियम में फ्लडलाइट में खेले जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस लीग के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव मिलेगा और उन्हें भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए मजबूत मंच प्राप्त होगा। महिला खिलाड़ियों को डे-नाइट टी-20 क्रिकेट के माध्यम से अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।

रेटिंग क्रिकेटरों के मिलेंगे कम से कम दस हजार

लीग में खेलने वाली रेटिंग क्रिकेटरों को 10 से 25 हजार रुपये तक मिलेंगे। रेटिंग खिलाड़ियों में इण्डिया-ए के लिए खेल चुकी चांदनी शर्मा के अलावा आलराउण्डर संध्या यचादव, सोनाली सिंह, आरजू सिंह, अन्वेषा चटर्जी, बल्लेबाज अंशू तिवारी, शशिबालन, प्रियांशी यादव, प्रियांशी पाण्डेय, आयुषी श्रीवास्तव, गेंदबाज शिल्पी, संध्या क्षेत्री जैसी क्रिकेटर हैं। बाकी क्रिकेटरों का उनके स्तर के हिसाब से तीन से पांच हजार रुपये तक का बेस प्राइज रखा गया है।

हर फ्रेंचाइजी टीम में 20-20 खिलाड़ी होंगी। इस तरह 120 खिलाड़ी मुख्य टीमों में रहेंगी, जबकि बाकी 20 खिलाड़ी नेट और फील्डिंग में टीमों की मदद करेंगी और एक्सपोजर लेंगी। खिलाड़ियों की नीलामी 18 सितंबर को होगी।

ये होगा लीग फार्मेट

लीग मुकाबले 20-20 ओवरों के होंगे। छह ओवरों का पावरप्ले होगा। दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने की स्थिति में परिणाम निकालने के लिए सुपर ओवर होगा। टीमों को दो पूलों में रखा जाएगा। एक पूल में छह टीमें होंगी। पूल में लीग के आधार पर मुकाबले होंगे। हर पूल की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। सेमीफाइनल की विजेता टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

ये हस्तियां रहीं मौजूद-

सीएएल के सचिव केएम खान, लीग के कमिश्नर एसपी मिश्रा, आयोजन सचिव एवं डिप्टी कमिश्नर प्रियंका शैली, आयोजन समिति के अध्यक्ष पीयूष पाण्डेय, संयुक्त सचिव नईम चिश्ती, वित्त समिति के राकेश सिंह सहित तमाम हस्तियां मौजूद थीं।

हिस्सा लेने वाली टीमें और उनके मालिक

लखनऊ वारियर्स- खुशबू, दिबेश एवं मनीष
लखनऊ चैलेंजर्स- प्रदीप मिश्रा
रहीमाबाद रायल्स- साद खान
लखनऊ नवाब्स क्वीन-
लखनऊ शेरनीज- आरिफ हसन
सेज फाल्कन- बृजेश यादव

खिलाड़ियों पर होगी धनवर्षा

विजेता टीम को- 2.00 लाख रुपये
उपविजेता टीम को- 1.50 हजार रुपये
प्लेयर आफ द सीरीज- 10 हजार रुपये
पर्पल कैप- 15 हजार रुपये
आरेंज कैप- 15 हजार रुपये
प्लेयर आफ द मैच- 02 हजार रुपये