अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में नवगठित छात्र परिषद का भव्य शपथ ग्रहण एवं अलंकरण समारोह

लखनऊ: अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में नवगठित छात्र परिषद का भव्य अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह 18 सितंबर 2026 को गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, सेवा-भाव, अनुशासन एवं संस्थागत मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीन ऑफ स्टडीज प्रो. उपमा चतुर्वेदी द्वारा ईश्वर वंदना से हुआ, जिसके पश्चात “Spirit of God” का सामूहिक गायन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. बीना राय ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि श्री अरविंद कुमार मिश्रा, अपर निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, भारत सरकार तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. निशी पांडे, प्रबंध सचिव, प्रबंध समिति, अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज का विशेष रूप से अभिनंदन किया।
अपने स्वागत उद्बोधन में प्राचार्या प्रो. बीना राय ने अलंकरण समारोह के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि नेतृत्व, जिम्मेदारी और सेवा-भावना का उत्सव है। उन्होंने नवगठित छात्र परिषद के सदस्यों को निष्पक्षता, संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात नवगठित छात्र परिषद के सदस्यों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि श्री अरविंद कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के जीवन में टीमवर्क, कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिला सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण की आवश्यकता पर विशेष बल देते हुए कहा कि महिलाएँ समाज की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं और उनके सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर होने से ही एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की प्रसिद्ध कविता “Where the Mind is Without Fear” का भावपूर्ण पाठ किया गया, जिसने कार्यक्रम में विचारशीलता और प्रेरणा का विशेष आयाम जोड़ा।
डीन ऑफ स्टूडेंट्स प्रो. रंजना कृष्णा ने नवगठित छात्र परिषद के सदस्यों को बधाई देते हुए उन्हें अपने पद की गरिमा बनाए रखने तथा प्रत्येक दायित्व का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवेदनशील, सत्यनिष्ठ एवं आदर्श नेतृत्व प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
छात्र परिषद की अध्यक्ष सुश्री अर्चिशा शर्मा ने अपने संबोधन में महाविद्यालय के उच्च आदर्शों एवं मूल्यों को बनाए रखने और विद्यार्थी समुदाय की सेवा के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने परिषद की ओर से निष्ठापूर्ण, समावेशी एवं संवेदनशील नेतृत्व प्रदान करने का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि प्रो. निशी पांडे ने छात्र परिषद के सदस्यों को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच सार्थक सेतु की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने “स्वयं उदाहरण बनकर नेतृत्व करने” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अपने जीवन के प्रेरणादायक प्रसंग विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने छात्र परिषद के सदस्यों को रचनात्मक, उद्यमशील एवं सेवाभावी दृष्टिकोण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में को-डीन ऑफ स्टूडेंट्स डॉ. मौलिश्री शुक्ला ने आभार ज्ञापित किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल आयोजन प्राचार्या प्रो. बीना राय के मार्गदर्शन में, डीन ऑफ स्टूडेंट्स प्रो. रंजना कृष्णा, को-डीन डॉ. मौलिश्री शुक्ला तथा सदस्य डॉ. हिमानी माहेश्वरी के समन्वित प्रयासों से सम्पन्न हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, उत्तरदायित्व, अनुशासन और सेवा-भावना की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें महाविद्यालय की गरिमामयी परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।