20 ओवर के रोमांच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चटाई धूल, सीरीज में 1-0 की बढ़त
यशवर्धन चौहान के हरफनमौला प्रदर्शन और अनवय द्रविड़ की तूफानी पारी से भारतीय अंडर-19 टीम ने बारिश से प्रभावित पहले युवा वनडे में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को सात रन से मात देकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाई।
बारिश के कारण मुकाबला 20-20 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 182 रन बनाए। यशवर्धन चौहान ने 54 रन बनाए। वहीं, छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अनवय द्रविड़ ने 38 रन और आर्यवीर सहवाग ने 28 रन बनाए। भारत ने 12वें ओवर में 88 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद चौहान और अनवय ने पांचवें विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया से ऑफ स्पिनर एली ब्रेन ने दो विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की। उसके शीर्ष चार बल्लेबाजों में से तीन ने 40 या उससे अधिक रन बनाए।

कप्तान जैक कोजनेक ने 55 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 11 गेंदों में 24 रन की जरूरत थी। कोजनेक ने लगातार तीन गेंदों पर चौके लगाए और 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को अंतिम ओवर में 11 रन चाहिए थे, लेकिन दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहित उलवा ने केवल तीन रन दिए और भारत को जीत दिला दी।
चौहान ने गेंदबाजी में भी अहम योगदान दिया। ऑफ स्पिनर ने ऑस्ट्रेलिया के दो प्रमुख बल्लेबाजों हेडन बारबुलोविच को 40 और नील पटेल को 45 रन पर आउट किया।
संक्षिप्त स्कोर:
भारत अंडर-19: 20 ओवर में 182/6 (यशवर्धन चौहान 54, अनवय द्रविड़ 38; एली ब्रेन 2/29)
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19: 20 ओवर में 175/7 (जैक कोजनेक 55, नील पटेल 45, हेडन बारबुलोविच 40; यशवर्धन चौहान 2/28)
परिणाम: भारत अंडर-19 सात रन से विजयी।