संभल में ‘लुटेरी दुल्हन’ का पर्दाफाश: शादी के 15 दिन बाद जेवर और नकदी लेकर फरार हुई महिला, ‘चाचा’ बनकर आया शख्स और. …

Sambhal : उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी कराने के नाम पर एक शातिर महिला दलाल ने युवक के पिता से 1.25 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोप है कि शादी के महज 15 दिन बाद ही नई नवेली दुल्हन घर में रखे लाखों रुपये के जेवर और नकदी समेटकर अपने असली पति के साथ फरार हो गई। पीड़ित पिता ने स्थानीय थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।महिला दलाल ने बुना था शादी का जालपीड़ित हरपाल, जो संभल के धनारी थाना क्षेत्र के गांव धनारी पट्टी बालूशंकर के रहने वाले हैं, उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 जुलाई को मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नरोदा की एक महिला उनके घर आई थी। उस महिला ने दावा किया कि उसके पास एक लड़की रहती है, जिसके पति की मौत हो चुकी है और उसका सात साल का एक बेटा भी है। महिला ने भरोसा दिलाया कि वह खुद उस लड़की का कन्यादान करेगी और शादी का सारा खर्च उठाएगी, लेकिन इसके बदले में उसे एक लाख रुपये देने होंगे।50 हजार एडवांस देकर तय हुआ रिश्तामहिला की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर हरपाल ने उसे शुरुआती तौर पर 50 हजार रुपये नकद एडवांस दे दिए और रिश्ता पक्का कर लिया। इसके बाद तय योजना के तहत हरपाल बाकी के 75 हजार रुपये और कपड़े लेकर पंजाब पहुंचे, जहां 2 अगस्त को राखी नाम की उस युवती के साथ उनके बेटे गुलशन की शादी करवा दी गई। वादे के मुताबिक उस महिला दलाल ने ही दुल्हन का कन्यादान भी किया था। शादी संपन्न होने के बाद हरपाल अपने बेटे और बहू को लेकर अपने पैतृक गांव लौट आए।‘चाचा’ बनकर आया शख्स और जेवर-नकदी लेकर हुई रफूचक्करशादी के अभी पंद्रह दिन ही बीते थे कि शातिरों ने अपना असली खेल शुरू कर दिया। 17 अगस्त को उसी महिला दलाल ने हरपाल को फोन कर जानकारी दी कि लड़की के ‘चाचा’ उसे लेने के लिए आ रहे हैं, इसलिए उसे उनके साथ भेज दिया जाए। इसके बाद 19 अगस्त को नरोदा गांव का ही एक व्यक्ति उनके घर पहुंचा और बहू राखी को अपने साथ विदा कराकर ले गया। आरोप है कि जाते-जाते राखी घर में रखे सोने के कुंडल, मंगलसूत्र का गिट्टा, चांदी की पायल, चांदी के कड़े, चांदी का कमरगुच्छा और एक भैंस खरीदने के नाम पर रखे 25 हजार रुपये नकद भी अपने साथ समेट ले गई। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और दलाल महिला समेत अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।