शूटिंग में सिल्वर से खुला भारत का खाता, राष्ट्रपति मुर्मु से सीएम योगी तक ने बढ़ाया चैंपियंस का हौसला
एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में सिल्वर मेडल मिलने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत कई नेताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ‘एक्स’ पर लिखा, “एशियाई खेल 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर एलावेनिल वलारिवन, विदर्शा के विनोद और सोनम उत्तम मस्कर को बहुत-बहुत बधाई। आपकी इस शानदार उपलब्धि ने इन खेलों में भारत के लिए मेडल का खाता खोला है और देश का मान बढ़ाया है। आपकी निरंतर सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत ने एशियाई खेलों में सिल्वर मेडल जीतकर अपने मेडल का खाता खोला। शूटिंग 10 मीटर राइफल महिला (टीम) इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर इलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और विदर्शा के विनोद को बधाई। भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं।”

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लिखा, “एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला मेडल! महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्शा के विनोद को बधाई। हमारे चैंपियंस और पूरी भारतीय टीम को आगे और भी सफलता की शुभकामनाएं।”
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने ‘एक्स’ पर लिखा, “एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला मेडल! महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्शा के विनोद को बहुत-बहुत बधाई। टीम इंडिया के मेडल अभियान की शानदार शुरुआत। हमारे चैंपियंस और पूरी टीम को भविष्य में और भी शानदार सफलताएं मिलने की शुभकामनाएं!”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, “एशियन गेम्स 2026 में भारत के मेडल का खाता महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में दो सिल्वर मेडल के साथ खुला है! सोनम उत्तम मस्कर और विदर्शा के विनोद के साथ टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने के बाद, व्यक्तिगत इवेंट में भी सिल्वर मेडल जीतने पर एलावेनिल वलारिवन को बहुत-बहुत बधाई। इस शानदार उपलब्धि ने देश का मान बढ़ाया है और टीम इंडिया को गेम्स में एक मजबूत शुरुआत दिलाई है। आगे और भी शानदार उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं।”
एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाजों का जलवा, पीएम मोदी ने सिल्वर मेडलिस्ट्स को सराहा
पीएम नरेंद्र मोदी ने एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम को सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने 10 मीटर मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत इवेंट में सिल्वर पर निशाना साधने वालीं इलावेनिल वलारिवन को भी सराहा है। भारतीय महिला टीम का सिल्वर मेडल कुल क्वालिफिकेशन स्कोर के आधार पर तय हुआ। तीनों खिलाड़ियों ने मिलकर कुल 1898.0 का स्कोर बनाया और पोडियम पर दूसरा स्थान हासिल किया।
सोनम ने 634.1 के बेहतरीन स्कोर के साथ भारत के लिए क्वालिफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि इलावेनिल 633.5 के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहीं। विदर्शा ने 630.4 का अच्छा स्कोर किया और व्यक्तिगत रैंकिंग में 12वें स्थान पर रहीं, जिससे भारत के लिए टीम सिल्वर मेडल पक्का हो गया।
प्रधानमंत्री कार्यालय से ‘एक्स’ पर लिखा गया, “मेहनत और टीमवर्क से शानदार नतीजे मिलते हैं। एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर सोनम उत्तम मस्कर, इलावेनिल वलारिवन और विदर्शा के. विनोद पर गर्व है। उनकी सफलता आने वाले समय में कई एथलीट्स को प्रेरित करेगी।”
2019 वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीतने वालीं इलावेनिल वलारिवन (252.4) ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक अन्य ट्वीट में इलावेनिल वलारिवन की तारीफ में लिखा गया, “भारतीय निशानेबाज लगातार हमें गर्व महसूस करा रहे हैं।
एशियन गेम्स में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर इलावेनिल वलारिवन को बधाई। यह उनका दिन का दूसरा मेडल था, जिससे यह उपलब्धि और भी खास हो गई है। भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं।”