तैराकी में भारत को नहीं मिला पदक, ऋषभ दास 100 मीटर बैकस्ट्रोक में छठे स्थान पर

भारतीय तैराक ऋषभ दास ने रविवार को यहां एशियाई खेलों की पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में 54.77 सेकेंड का समय निकालकर छठा स्थान हासिल किया। ऋषभ स्वर्ण पदक विजेता चीन के शू जियायु से 2.79 सेकेंड पीछे रहे। शू ने 51.98 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।

जापान के हिदेकाजु ताकेहारा ने 53.93 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता जबकि दक्षिण कोरिया के ली जुहो ने 53.94 सेकेंड में रेस पूरी करके कांस्य पदक अपने नाम किया। ऋषभ ने इससे पहले अपनी हीट (शुरुआती दौर) में 54.85 सेकेंड का समय निकालकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। वह अपनी हीट में तीसरे और कुल मिलाकर पांचवें स्थान पर रहे थे।

ऋषभ दूसरे स्थान पर रहे जापानी तैराक हिदेकाजु ताकेहारा से 0.63 सेकेंड पीछे रहे जबकि हीट में शीर्ष पर रहने वाले और एशियाई रिकॉर्ड धारक चीन के शू जियायु (52.63 सेकेंड) से वह 2.22 सेकेंड पीछे थे। स्पर्धा में शामिल एक अन्य भारतीय तैराक उत्कर्ष पाटिल 56.19 सेकेंड के समय के साथ 12वें स्थान पर रहे और फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।

@Media_SAI

इस बीच पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल की हीट में भी भारत को निराशा हाथ लगी। बेनेडिक्शन बेनिस्टन 50.25 सेकेंड के समय के साथ 12वें स्थान पर रहे जबकि आकाश मणि 50.85 सेकेंड का समय निकालकर 23वें स्थान पर रहे।