भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर पुष्पार्चन करके कृतज्ञ श्रद्धांजलि अर्पित की। विधान भवन परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर नमन करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी का जीवन सदैव देश और समाज के लिए प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने आदर्शों तथा नैतिक मूल्यों के उच्च मानदण्ड स्थापित किये। उनका जीवन सदैव गांव, किसान, गरीब, मजदूर की आर्थिक, सामाजिक तथा राजनैतिक मजबूती के लिए समर्पित रहा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार किसान सम्मान निधि, किसानों की आय दोगुनी करने की प्रतिबद्धता, एमएसपी में वृद्वि तथा गन्ना किसानों का रिकार्ड भुगतान सहित किसान हित में समर्पित योजनाओं से श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार कर रही है।