Trending

एशियन गेम्स 2026: हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर, रुद्राक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज जीतकर शूटिंग में डबल मेडल दिलाया

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह ) : आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 के पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत इवेंट में भारतीय शूटरों ने शानदार प्रदर्शन किया। हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्राक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि चीन के शेंग लिहाओ ने कड़े मुकाबले में गोल्ड मेडल अपने नाम किया।इस नतीजे से भारत को एक ही इवेंट में दो मेडल मिले और दोनों भारतीय शूटर पोडियम पर पहुंचे।

रुद्राक्ष पाटिल ने शानदार शुरुआत की। पहली सीरीज के बाद 52.8 स्कोर के साथ वे आगे रहे। दूसरी सीरीज में 53.2 का बेहतरीन स्कोर करके उन्होंने अपनी बढ़त बढ़ाई और टॉप पर 1.1 पॉइंट की लीड बना ली। हिमांशु भी मेडल की दौड़ में मजबूती से बने रहे और कुछ समय के लिए दूसरे स्थान पर आ गए।12 शॉट्स के बाद रुद्राक्ष 127.4 के स्कोर के साथ अग्रणी थे। उनके पीछे हिमांशु 126.6 और शेंग 126.3 पर थे। मुकाबला बीच के चरणों में बेहद कड़ा रहा। 16 शॉट्स के बाद शेंग 168.8 के स्कोर के साथ बढ़त पर आ गए, जबकि रुद्राक्ष और हिमांशु 168.6 पर बराबरी पर थे।

हिमांशु ने शानदार 10.9 का स्कोर करके रुद्राक्ष से 0.1 पॉइंट की दूरी बना ली, लेकिन अगले शॉट में 9.8 आने से वे तीसरे स्थान पर खिसक गए। उन्होंने 10.6 के स्कोर के साथ वापसी की और मेडल रेस में बने रहे।20 शॉट्स के बाद शेंग ने अपनी बढ़त एक पॉइंट तक बढ़ा ली। रुद्राक्ष 210.6 के साथ दूसरे और हिमांशु 210.0 के साथ तीसरे स्थान पर थे। फ़ाइनल चरणों में रोमांच और बढ़ा। 22 शॉट्स के बाद रुद्राक्ष 230.9 के स्कोर के साथ बाहर हो गए, जो हिमांशु के 231.0 से सिर्फ 0.1 पॉइंट कम था। उनके आखिरी शॉट का 9.7 स्कोर महंगा साबित हुआ और उन्हें ब्रॉन्ज़ मेडल से संतोष करना पड़ा।

इसके बाद हिमांशु का सामना गोल्ड के लिए शेंग से हुआ। दोनों ने आखिरी शॉट्स में 10.6 का स्कोर किया, लेकिन शेंग 233.0 के स्कोर के साथ गोल्ड जीत गए। हिमांशु 231.0 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल हासिल करने में सफल रहे।