एशियाई गेम्स 2026 : नटराज पदक से दूर, ऋषभ दास भी फाइनल में जगह बनाने से चूके

भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज सोमवार को यहां एशियाई खेलों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए 10वें स्थान पर रहे। भारतीय तैराकों के लिए यह एक और निराशाजनक दिन रहा जिसमें ज्यादातर खिलाड़ी हीट (शुरुआती दौर) चरण से आगे नहीं बढ़ सके।

दो बार के ओलंपियन नटराज ने 25.52 सेकेंड का समय निकालकर फाइनल में आखिरी स्थान हासिल किया। चीन के जियायु शू ने स्वर्ण पदक जीतने के दौरान खेलों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने 24.04 सेकेंड का समय निकाला और जापान के जुन्या कोगा के 2014 इंचियोन एशियाई खेलों में बनाए 24.28 सेकेंड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।

इससे पहले नटराज ने हीट में 25.37 सेकेंड का समय निकाला था। ईरान के होमर अब्बासी के समान समय के साथ वह अपनी हीट में तीसरे और कुल मिलाकर संयुक्त नौवें स्थान पर रहे थे जिससे उन्होंने फाइनल में जगह बनाई थी। नटराज अपने तीसरे एशियाई खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। इस स्पर्धा में उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 25.18 सेकेंड है जो उन्होंने जून 2021 में बेलग्रेड में बनाया था।

@Media_SAI

रविवार को पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक में छठे स्थान पर रहे ऋषभ दास 25.41 सेकेंड के समय के साथ मामूली अंतर से फाइनल में जगह बनाने से चूक गए। वह कुल 11वें स्थान पर रहे। पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल में आकाश मणि और गीतश शाह क्रमश: 26वें और 28वें स्थान पर रहे। दक्षिण कोरिया के यंगबोम किम ने 21.71 सेकेंड का समय निकालकर खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया।

आकाश ने 23.43 सेकेंड के समय के साथ अपनी हीट में पहला स्थान हासिल किया जबकि गीतश ने 23.57 सेकेंड का समय निकाला और अपनी हीट में आखिरी स्थान पर रहे। दानुश सुरेश भी पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में जगह नहीं बना सके। उन्होंने एक मिनट 3.46 सेकेंड का समय निकालकर अपनी हीट में आठवां और कुल 22वां स्थान हासिल किया।

साजन प्रकाश, दक्षन शशिकुमार, वेदांत माधवन और अनीश सुनील की भारतीय टीम भी पुरुषों की चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले के फाइनल में जगह नहीं बना सकी। भारतीय चौकड़ी ने 13 टीम के बीच सात मिनट 24.32 सेकेंड के समय के साथ नौवां स्थान हासिल किया।