यशवर्धन का शतक, विनीत की शानदार पारी… भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर जीती सीरीज
भारतीय अंडर-19 टीम ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध अनाधिकारिक वनडे सीरीज का दूसरा मैच 102 रन से अपने नाम किया। निरंजन शाह स्टेडियम में इस जीत के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज पर 2-0 से अपना कब्जा जमा लिया है। भारतीय टीम ने 18 सितंबर को खेले गए सीरीज के पहले मैच को 7 रन से जीता था, जिसमें बारिश के चलते 30-30 ओवरों की कटौती हुई।
अब दूसरा मैच जीतकर मेजबान टीम ने सीरीज पर कब्जा कर लिया है। सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 23 सितंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें दो टेस्ट मुकाबलों की सीरीज खेलेंगी। राजकोट में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय अंडर-19 टीम ने 341 रन बनाए।
कप्तान लक्ष्य रैचंदानी ने आर्यवीर सहवाग के साथ पहले विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। लक्ष्य 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आर्यवीर ने वीके विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। आर्यवीर 47 रन बनाकर आउट हुए। यहां से विनीत ने यशवर्धन चौहान के साथ तीसरे विकेट के लिए 124 गेंदों में 132 रन जोड़कर टीम को 233 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

विनीत ने टीम के खाते में 87 रन जोड़े। इसके बाद यशवर्धन ने कुशाग्र ओझा के साथ चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 84 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी करते हुए भारतीय अंडर-19 टीम को 300 के पार पहुंचाया।
यशवर्धन 122 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कुशाग्र ओझा ने 34 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से थॉमस वासेओ ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि पैट्रिक सुलिवन ने 2 विकेट चटकाए। इनके अलावा, 1 विकेट कॉनर ग्रेगरी के हाथ लगा।
इसके जवाब में, ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम 239 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम ने 29 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान जैक कजोस्नेक ने मैथ्यू लॉफ के साथ तीसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 72 के स्कोर तक पहुंचाया।
मैथ्यू 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद जैक ने ब्लेक कैटल के साथ चौथे विकेट के लिए 99 रन जुटाए। जैक ने 81 रन की पारी खेली, जबकि ब्लेक ने 44 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, जेड हॉलिक ने 33 रन खाते में जोड़े, लेकिन ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम को जीत नहीं दिला सके।
भारतीय खेमे से चिगुरुपति वेंकटा ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि काव्य पटेल और यशवर्धन चौहान को 2-2 विकेट हाथ लगे। मोहित, मनल चौहान और यशवीर गौड़ ने 1-1 विकेट चटकाया।