आखिरी ओवर में अंपायर से भिड़े अक्षर, श्रेयस ने समझाया नियम; जापान पर भारत की रोमांचक जीत
भारत और जापान के बीच मंगलवार को सानो ग्राउंड पर खेला गया ऐतिहासिक टी-20 मैच बेहद रोमांचक रहा। भारत ने सांसें अटकाने देने वाले मुकाबले में दो रन से जीत दर्ज की। यह मुकाबला बारिश से प्रभावित रहा, जिसके चलते पांच-पांच ओवर का खेल हुआ। भारत ने टॉस जीतकर चार विकेट पर 32 रन जुटाए और जापान को 30/3 स्कोर पर रोका।
एक समय लग रहा था कि भारत के हाथ से मैच फिसल जाएगा लेकिन स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने आखिरी ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी की। जापान को जीत के लिए 8 रन की जरूरत थी और अक्षर ने सिर्फ 5 रन खर्च किए। लास्ट ओवर में ड्रामा भी देखने को मिला। कप्तान श्रेयस अय्यर ने अंपायर की एक गलती पकड़ी, जिससे भारतीय टीम को फायदा हुआ। यह भारत और जापान के बीच पहला इंटरनेशनल क्रिकेट मैच था।
अक्षर ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर कोई रन नहीं दिया। बेंजामिन इतो-डेविस ने दूसरी गेंद पर सिंगल निकाला। फिर अलेक्जेंडर शिराई-पैटमोर स्ट्राइक पर आए। अक्षर ने अगली गेंद लेग स्टंप के बाहर डाली, जिसे अंपायर ने वाइड करार दिया। अक्षर ने फिर उसी लाइन में गेंद फेंकी। दरअसल, अलेक्जेंडर ने स्विच हिट का प्रयास किया, जिसके बाद अक्षर ने लेग साइड में गेंद फेंकी।

लेकिन अंपायर ने इस बार भी गेंद को वाइड दिया। अक्षर अंपायर के फैसले से नाराज हो गए। श्रेयस ने दखल दिया और अंपायर से बात की। आमतौर पर ऐसी सिचुएशन में डीआरएस के जरिए फैसले का रिव्यू किया जाता है। लेकिन तीसरा अंपायर मौजूद नहीं होने के कारण भारत के पास डीआरएस का ऑप्शन नहीं था।
श्रेयस ने अंपायर को बताया कि अगर बल्लेबाज स्विच हिट कर रहा है तो वाइड नहीं देना चाहिए। अंपायर ने फिर अपना फैसला पलटा। अगर यह फैसला नहीं बदलता तो शायद भारत के लिए परेशानी खड़ी हो जाती। जापान को अंतिम तीन गेंदों पर छह रन चाहिए थी और अक्षर ने हर गेंद पर सिंगल देकर भारत को जीत की दहलीज पार कराई।
श्रेयस अय्यर ने जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 मैच में रोमांचक जीत के बाद सानो ग्राउंड की पिच को ‘बल्लेबाजी के लिए मुश्किल’ बताया। बाएं हाथ के स्पिनर चार्ली हारा-हिंजे और ऑफ-स्पिनर इब्राहिम ताकाहाशी की गेंदें काफी ज्यादा टर्न हो रही थीं। मैच के बाद श्रेयस ने कहा, ”गेंद काफी ज्यादा टर्न हो रही थी। इस विकेट पर बल्लेबाजी करना बहुत मुश्किल था। हमने अपने सलामी बल्लेबाजों को भी देखा कि वे स्पिन की गति को समझ नहीं पा रहे थे।” श्रेयस को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया।