शुरुआती झटकों से उबरा भारत-ए, ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ पहले दिन 257 रन

भारत-ए ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट के पहले मुकाबले के पहले दिन शुरुआती झटकों से उबरकर शानदार वापसी की। क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड पर जारी मुकाबले के पहले दिन 89 ओवरों का सामना करते हुए भारतीय टीम ने 257 रन बना लिए हैं।

चार दिवसीय मुकाबलों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच 29 सितंबर से खेला जाएगा, जिसके बाद 6, 9 और 11 अक्टूबर को अनाधिकारिक वनडे सीरीज के तीन मैच आयोजित होंगे।

सभी मुकाबले क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड पर खेले जाने हैं। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले दिन के खेल तक 257 रन बनाए। टीम ने सिर्फ 12 के स्कोर पर अमन मोखड़े का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद 20 के स्कोर तक कप्तान देवदत्त पड्डिकल (3) भी पवेलियन लौट गए।

© CAP

यहां से साई सुदर्शन ने शेख रशीद के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की। रशीद 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस जोड़ी के टूटने के बाद एक बार फिर विकेटों का पतझड़ लग गया। टीम ने 97 के स्कोर तक यश राठौड़ (1) और साई सुदर्शन का विकेट भी गंवा दिया। सुदर्शन 57 रन बनाकर आउट हुए।

यहां से तनुश कोटियन ने कुमार कुशाग्र के साथ छठे विकेट के लिए 266 गेंदों में 138 रन जोड़कर टीम को संकट से निकाला। कुशाग्र 82 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए, जिसके बाद तनुश ने शम्स मुलानी के साथ 22 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 250 के पार पहुंचा दिया। तनुश कोटियन 68 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि मुलानी ने 10 रन जुटा लिए हैं। ऑस्ट्रेलियाई खेमे से कोरी रोचिचिओली ने 3 विकेट हासिल कर लिए हैं, जबकि फर्गस ओ’नील और टॉड मर्फी ने 1-1 चटकाया है।