अगरकर के उत्तराधिकारी पर बीसीसीआई का रुख साफ, 4 अक्टूबर के बाद लिया जाएगा फैसला
बतौर चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर का कार्यकाल चार अक्टूबर को खत्म होना तय हो चुका है. इसके साथ ही भारतीय सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के नए मुख्य चयनकर्ता की तलाश भी तेज हो गई है.
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगरकर की जगह चयन समिति की कमान कौन संभालेगा? आखिर वह कौन सा चेहरा होगा, जो इस महत्वपूर्ण पद पर बैठकर अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का चयन करेगा? नए चीफ सिलेक्टर को लेकर क्रिकेट जगत में चर्चा जारी है.
इसी बीच जब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया से अगरकर के उत्तराधिकारी को लेकर सवाल किया गया, तो वह इस मुद्दे पर पूरी तरह बेफिक्र नजर आए. देवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड के पास मौजूदा चयन समिति के पास अभी पर्याप्त समय है और इस पद को लेकर कोई भी फैसला चार अक्टूबर के बाद ही लिया जाएगा.

उन्होंने एक समाचार एजेंसी से कहा: जहां तक अजीत अगरकर का सवाल है, उनका कार्यकाल चार अक्टूबर को खत्म होने जा रहा है और हमारे पास चार अक्टूबर तक पर्याप्त समय है. चार अक्टूबर के बाद जो जगह खाली होगी, उस बारे में फैसला लिया जाएगा. बीसीसीआई द्वारा कोई भी फैसला किए जाने के बाद हम निश्चित रूप से इसकी सार्वजनिक रूप से घोषणा करेंगे.
मीडिया रिपोर्ट्स में अजीत अगरकर की जगह लेने के लिए पूर्व भारतीय विकेटकीपर बैटर पार्थिव पटेल और स्पिनर प्रज्ञान ओझा का नाम सबसे आगे चल रहा है. प्रज्ञान ओझा मौजूदा सिलेक्शन कमिटी के सीनियर मेंबर हैं और साउथ जोन के प्रतिनिध् हैं जबकि पार्थिव पटेल की एंट्री वेस्ट जोन से हो सकती है, जो अजीत अगरकर की विदाई के बाद जगह खाली होगी.
बीसीसीआई सचिव ने उम्मीद जताई कि भारतीय पुरुष टीम भी महिला टीम की उपलब्धि दोहराएगी, जिसने जापान में एशियाई खेलों के क्रिकेट इवेंट में स्वर्ण पदक जीता है.
सैकिया ने कहा: हमें बहुत गर्व है और देश उनकी शानदार जीत का जश्न मना रहा है. महिला टीम ने वास्तव में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और वह एक साल से अधिक समय से अपनी जीत की लय बरकरार रखे हुए है. जहां तक पुरुष टीम का सवाल है, हमारा अभियान 28 तारीख से शुरू हो रहा है और फाइनल तीन अक्टूबर को है.’
भारतीय मेंस क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 28 तारीख से करेगा. टीम इंडिया गोल्ड मेडल डिफेंड करने की प्रबल दावेदार है. तीन अक्टूबर को फाइनल होना है. पिछली मर्तबा रुतुराज गायकवाड़ कप्तान थे, इस बार श्रेयस अय्यर की कैप्टेंसी में टीम जापान गई है.