भवानी देवी को चीनी तलवारबाज ने हराया, श्रेया गुप्ता भी अंतिम-8 में नहीं बना सकीं जगह

स्टार भारतीय तलवारबाज भवानी देवी और श्रेया गुप्ता को 2026 एशियाई खेलों के फेन्सिंग (तलवारबाजी) में महिला व्यक्तिगत साबरे स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में हार मिली। इसके साथ ही दोनों का अभियान समाप्त हो गया।

ओलंपियन भवानी देवी ने पूल चरण में दक्षिण कोरिया की जियोंगमी किम से 1-5, ईरान की नजमेह साजानजियान से 4-5 और उज्बेकिस्तान की जायनब दायिबेकोवा से 4-5 से हार झेली। इसके बाद उन्होंने कजाखस्तान की ऐगेरिम सारीबे और थाईलैंड की अरिसारा सोमफाओ को क्रमश: 5-4 और 5-2 से हराकर नॉकआउट चरण में जगह बनाई।

@Media_SAI

राउंड ऑफ 32 में भवानी ने मंगोलिया की ओउलेन तुग्सजार्गल को 15-8 से हराया। हालांकि, प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्हें 2026 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता चीन की राओ शुई से 5-15 से हार मिली। वहीं, भारत की दूसरी खिलाड़ी श्रेया गुप्ता भी प्री-क्वार्टर फाइनल में आगे नहीं बढ़ सकीं। उन्हें पेरिस ओलंपिक 2024 की रजत पदक विजेता दक्षिण कोरिया की जियोन हा-यंग ने 15-6 से हराया।