न्यूट्रास्यूटिकल क्षेत्र में निगरानी और मानकों को और कड़ा किया जाएगा : रोशन जैकब, आयुक्त, यूपीएफएसडीए

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त रोशन जैकब ने कहा कि न्यूट्रास्यूटिकल उद्योग में नियामकीय निगरानी को और मजबूत करने की जरूरत है। खाद्य और औषधि के बीच आने वाले इस क्षेत्र में लाइसेंस के दुरुपयोग तथा प्रतिबंधित पदार्थों के इस्तेमाल की संभावनाओं को देखते हुए विभाग की ओर से विस्तृत अनुपालन व्यवस्था तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में हेल्थ सप्लीमेंट के नाम पर ऐसे उत्पादों के इस्तेमाल की आशंका सामने आती है, जिनमें बिना परीक्षण वाले स्टेरॉयड और हार्मोन जैसे प्रतिबंधित पदार्थ हो सकते हैं। इसे रोकने के लिए उत्पादों में प्रयुक्त कच्चे माल की जांच, निर्धारित मात्रा और सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्यूट्रास्यूटिकल इकाइयों के निरीक्षण और अनुपालन व्यवस्था को मानकीकृत किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और पारदर्शी उत्पाद उपलब्ध हो सकें।