Trending

समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. निरुपमा सिंह को मिला ‘सेवा शिखर सम्मान-2026’

जनसेवा के संकल्प को सम्मान — डॉ. निरुपमा सिंह को मिला प्रतिष्ठित ‘सेवा शिखर सम्मान-2026’

लखनऊ: समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय डॉ. निरुपमा सिंह को समाजहित में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए शुक्रवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान प्रेक्षागृह में आयोजित ‘सेवा शिखर सम्मान-2026’ समारोह में सम्मानित किया गया। खुशी फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में रंगमंच, चिकित्सा, समाजसेवा और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली ख्यातिलब्ध विभूतियों को ‘सेवा शिखर सम्मान-2026’ प्रदान किया गया।

डॉ. निरुपमा सिंह एसजीपीजीआई, लखनऊ में वरिष्ठ डाइटिशियन तथा स्तुति चैरिटेबल सोसाइटी की चेयरपर्सन के रूप में स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में कई वर्षों से सक्रिय हैं। वे विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं जरूरतमंद वर्गों के स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण एवं विगत दो दशकों से जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। साथ ही कैंसर एवं डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति वैज्ञानिक जानकारी और जन-जागरूकता के प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

सम्मान प्राप्त करने के उपरांत डॉ. निरुपमा सिंह ने खुशी फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है तथा सेवा के कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक संवेदना को जनसेवा से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें रंगमंच के क्षेत्र से डॉ. अनिल रस्तोगी तथा चिकित्सा के क्षेत्र से प्रो. एम.एल.बी. भट्ट, निदेशक, कैंसर संस्थान, लखनऊ सहित अन्य विशिष्ट विभूतियां शामिल रहीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव तथा भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक प्रो. (डॉ.) संजय द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।