मुरली श्रीशंकर ने फिर जीता एशियन गेम्स में रजत, लंबी कूद में 8.07 मीटर की छलांग

स्टार भारतीय लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर ने सोमवार को एशियन खेल-2026 में पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया। श्रीशंकर ने फाइनल में 8.07 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई। यह एशियन खेल में उनका लगातार दूसरा रजत पदक है। इससे पहले उन्होंने हांगझोऊ 2023 में भी रजत पदक जीता था।

चीन के शी युहाओ ने 8.17 मीटर की सीजन की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उज्बेकिस्तान के अनवर अनवारोव ने 8.06 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि चीनी ताइपे के लिन यू-तांग 8.05 मीटर की छलांग के साथ चौथे स्थान पर रहे।

फाइनल में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। शीर्ष चार खिलाड़ियों के बीच सिर्फ 12 सेंटीमीटर का अंतर रहा। श्रीशंकर ने 8.07 मीटर की छलांग लगाकर अनवारोव को महज एक सेंटीमीटर से पीछे छोड़ा और रजत पदक पक्का किया। श्रीशंकर ने क्वालिफिकेशन में 7.84 मीटर की छलांग लगाकर फाइनल के लिए दूसरा स्थान हासिल किया था।

@Media_SAI

फाइनल में उन्होंने आठ मीटर का आंकड़ा पार किया और प्रतियोगिता के अंतिम चरण तक दूसरे स्थान पर बने रहे। यह श्रीशंकर का एशियन खेल में दूसरा पदक है। हांगझोऊ 2023 में भी उन्होंने रजत पदक जीता था। भारत के एक अन्य खिलाड़ी डेविड सोलोमन पट्टुराज 7.70 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ सातवें स्थान पर रहे।

श्रीशंकर के रजत पदक के साथ एशियन खेल 2026 में भारत के पदकों की संख्या 43 हो गई है। भारत के खाते में अब चार स्वर्ण, 19 रजत और 20 कांस्य पदक हैं और वह पदक तालिका में 12वें स्थान पर है। एथलेटिक्स से भारत को अब तक 17 पदक मिल चुके हैं।