तीरंदाजी में भारत की उम्मीदें बरकरार, धीरज-नीरज रिकर्व क्वार्टर फाइनल में
भारत के तीरंदाज धीरज बोम्मदेवरा और नीरज चौहान ने मंगलवार को एशियाई खेल 2026 में पुरुषों की रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। दोनों ने राउंड ऑफ 16 में शानदार जीत दर्ज की।
शीर्ष वरीय धीरज ने चीनी ताइपे के चेंग ह्सियांग-हुई को 6-2 से हराया। धीरज ने इससे पहले राउंड ऑफ 32 में फिलीपींस के गिर्विन गार्सिया को 6-0 से मात दी थी। चेंग के खिलाफ मुकाबले में धीरज को कड़ी चुनौती मिली, लेकिन उन्होंने दबाव में संयम बनाए रखते हुए जीत हासिल की। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना उज्बेकिस्तान के अमिरकोन सादिकोव से 3 अक्टूबर को होगा।
वहीं, नीरज चौहान ने राउंड ऑफ 16 में दक्षिण कोरिया के किम जे देओक को 6-4 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। किम कई बार के ओलंपिक पदक विजेता हैं और रैंकिंग राउंड में दूसरे स्थान पर रहे थे। नीरज ने मुकाबले की अच्छी शुरुआत करते हुए 3-1 की बढ़त बनाई, लेकिन किम ने वापसी करते हुए स्कोर 3-3 कर दिया। इसके बाद एक सेट बराबरी पर रहने से स्कोर 4-4 हो गया। निर्णायक सेट में नीरज ने दबाव के बीच शानदार संयम दिखाया और सेट जीतकर मुकाबला 6-4 से अपने नाम किया। क्वार्टर फाइनल में नीरज का सामना भूटान के दोरजी लाम से होगा।

धीरज ने राउंड ऑफ 32 में गार्सिया के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने तीनों सेट जीतकर 6-0 से मुकाबला अपने नाम किया और कुल नौ तीरों में ही जीत दर्ज कर ली थी। उनके नौ में से छह तीर 10 अंक वाले निशाने पर लगे थे।
