दक्षिणेश्वर और सुमित नागल की जीत से शुरुआत, अंतिम-16 में बनाई जगह
भारतीय दक्षिणेश्वर सुरेश और सुमित नागल ने एशियाई खेलों की टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष एकल में अलग-अलग अंदाज जीत से शुरुआत करते हुए मंगलवार को यहां अंतिम 16 में जगह बनाई।
पहले दौर में बाई हासिल करने वाले दक्षिणेश्वर ने इंडोनेशिया के गुनावन त्रिस्मुवंतारा को रोमांचक मुकाबले में 7-5 7-6 (2) से हराया। नागल ने बारिश की वजह से बाधित मुकाबले में दक्षिण कोरिया के सियोंगचान हांग को एकतरफा अंदाज में 6-4, 6-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

दक्षिणेश्वर ने कड़े मुकाबले में अपना संयम बनाए रखा और एक घंटे 25 मिनट तक चले मैच में सीधे सेटों में जीत हासिल करके प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। दोनों खिलाड़ियों की रैंकिंग में बड़ा अंतर होने की वजह से यह मुकाबला उम्मीद से कहीं अधिक करीबी साबित हुआ। भारतीय खिलाड़ी की रैंकिंग 364, जबकि त्रिस्मुवंतारा की रैंकिंग 2000 से भी नीचे हैं।

हाल ही में डेविस कप में कोरिया के खिलाड़ियों के खिलाफ दोनों मुकाबलों में हारने वाले नागल ने आखिरकार ने किसी कोरियाई खिलाड़ी को हराने में सफलता हासिल की बारिश के कारण उनका मुकाबला दो दिन तक खिंचा और कुल तीन घंटे चार मिनट तक चला। प्री-क्वार्टर फाइनल में नागल का सामना उज्बेकिस्तान के सर्गेई फोमिन से होगा।