लवलीना बोरगोहेन का फाइनल में धमाका, 3-2 से जीतकर स्वर्ण की ओर बढ़ाया कदम
एशियन खेल 2026 में महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग फाइनल में स्टार भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने जगह बनाई। निशियो जिम्नेजियम में बुधवार को हुए सेमीफाइनल में लवलीना ने कजाकिस्तान की नताल्या बोगदानोवा को कड़े मुकाबले में 3-2 के स्प्लिट डिसीजन से हराया।
लवलीना ने मुकाबले की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं की और पहला राउंड 2-3 से हारी। हालांकि, भारतीय मुक्केबाज ने दूसरे राउंड में बेहतरीन वापसी की। सभी पांच जजों ने दूसरे राउंड में लवलीना को 10 अंक दिए, जिससे उन्होंने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
बोगदानोवा ने तीसरे राउंड में भी 3-2 से बढ़त बनाई, लेकिन शुरुआती दो राउंड में लवलीना की बढ़त को पार करने के लिए यह पर्याप्त नहीं था। भारतीय मुक्केबाज ने कुल स्कोर के आधार पर मुकाबला अपने नाम करते हुए फाइनल का टिकट कटाया। सेमीफाइनल से पहले लवलीना ने दक्षिण कोरिया की सेओंग सुयोन को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी।

अब लवलीना की नजर एशियन खेल में अपने पदक का रंग बदलने पर होगी। उन्होंने तीन साल पहले हांगझोऊ एशियन खेल में मिडिलवेट वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया था। इस बार वह स्वर्ण पदक के लिए रिंग में उतरेंगी। लवलीना ने इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में भी रजत पदक अपने नाम किया था। उन्हें फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एमा-स्यू ग्रीनट्री के खिलाफ हार मिली थी।