भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर रचा इतिहास, लगातार दूसरी बार क्रिकेट में स्वर्ण
एशियन गेम्स 2026 पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार पुरुष क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीता है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 211 रन बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम 192 रन ही बना सकी। भारत से अभिषेक शर्मा ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 61 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 51 रन की नाबाद पारी खेली, भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी से टीम 200 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही और पाकिस्तान के सामने 212 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

पाकिस्तान से हसन नवाज ने भारतीय गेंदबाजों का मुकाबला करते हुए 96 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा सईम अयूब ने 29 रन बनाए। हालांकि, बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके और पाकिस्तान 192 रन तक ही पहुंच सका। भारत की गेंदबाजी में अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने दो-दो विकेट हासिल किए और पाकिस्तान के रन चेज पर अंकुश लगाया।
इस मुकाबले में 211 रन बनाने के साथ भारत ने टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना सबसे बड़ा स्कोर भी दर्ज किया। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ भारत का सर्वोच्च स्कोर 192/5 था, जो टीम ने 2012 में अहमदाबाद में बनाया था। इस तरह एशियन गेम्स के फाइनल में जीत के साथ भारत ने न सिर्फ गोल्ड मेडल बरकरार रखा, बल्कि पाकिस्तान के खिलाफ अपने टी20 रिकॉर्ड में भी एक नया अध्याय जोड़ दिया।