कायनात इम्तियाज ने खत्म किया अंतरराष्ट्रीय सफर, अब मैच रेफरी की भूमिका में
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रविवार को पुष्टि की कि पाकिस्तान की तेज गेंदबाज कायनात इम्तियाज ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपने 13 साल लंबे इंटरनेशनल करियर पर ब्रेक लगाने का फैसला किया है। कायनात ने 2010 में टी20 और 2011 में वनडे में डेब्यू किया था। उन्होंने अपना आखिरी मैच 2023 में खेला।
कायनात 2010 और 2014 में एशियन गेम्स क्रिकेट इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाली पाकिस्तान की महिला टीम में थीं। वह कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भी पाकिस्तान महिला टीम में थीं और उन्होंने 2017 वनडे वर्ल्ड कप में भी टीम की अगुवाई की थी।
हाल ही में कायनात ने अपनी नई भूमिका शुरू की है। उन्होंने अगस्त-सितंबर में आयोजित पीसीबी नेशनल महिला अंडर-19 टी20 टूर्नामेंट में मैच रेफरी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की।

कायनात की मां सलीमा इम्तियाज भी क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। वह 2024 में आईसीसी के इंटरनेशनल डेवलपमेंट पैनल में चुनी जाने वाली पहली पाकिस्तानी महिला बनी थीं। कायनात ने पाकिस्तान महिला टीम के लिए 19 वनडे और 21 टी20 मैच खेले हैं। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 16 पारियों में 10 विकेट लिए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3 विकेट रहा।
वहीं, टी20 में उन्होंने 12 पारियों में 8 विकेट लिए, जिसमें उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन 2 विकेट रहा। कायनात ने पाकिस्तान टीम की ओर से खेलते हुए बल्ले से भी अहम योगदान दिया। उन्होंने 13 वनडे पारियों में 11.16 की औसत से 134 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 24 रन रहा।
वहीं, 17 टी20 पारियों में उन्होंने 12.45 की औसत से 137 रन बनाए और उनका सर्वोच्च स्कोर 29 रन रहा। तेज गेंदबाज कायनात ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत फरवरी 2007 में की थी, जब उन्होंने पीसीबी नेशनल स्कूल्स अंडर-17 महिला चैंपियनशिप में कराची स्कूल्स अंडर-17 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद मार्च 2008 में उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में डेब्यू किया और उसी साल जुलाई में अपना पहला टी20 मैच भी खेला।
कायनात ने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ आईसीसी महिला क्रिकेट टी20 चैलेंज के दौरान अपना पहला टी20 मैच खेला था। इसके बाद 2011 में उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ आईसीसी महिला वर्ल्ड कप क्वालिफायर में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया। उनका आखिरी टी20 मैच अक्टूबर 2022 में महिला एशिया कप के दौरान सिलहट में थाईलैंड के खिलाफ था। वहीं, उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच जनवरी 2023 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पाकिस्तान की ओर से खेला था।