आईएसएल 2026-27 से पहले केरला ब्लास्टर्स का बड़ा दांव, अमरिंदर-यासिर टीम में शामिल
फुटबॉल क्लब केरला ब्लास्टर्स ने इंडियन सुपर लीग 2026-27 सत्र से पहले अनुभवी भारतीय गोलकीपर अमरिंदर सिंह और मिडफील्डर मोहम्मद यासिर को अपने साथ जोड़ा है।
ये दोनों खिलाड़ी आगामी सत्र के लिए चेन्नई में तैयारी शिविर में शामिल हो चुके हैं और अपने नए साथियों के साथ प्रशिक्षण शुरू कर चुके हैं। क्लब के मुताबिक, दोनों 2026-27 सीजन के अंत तक टीम का हिस्सा रहेंगे। अमरिंदर सिंह ओडिशा एफसी से केरला ब्लास्टर्स में शामिल हुए हैं। वह अपने साथ इंडियन सुपर लीग और भारतीय फुटबॉल का व्यापक अनुभव लेकर आए हैं।

33 वर्षीय गोलकीपर मुंबई सिटी एफसी, बेंगलुरु एफसी, मोहन बागान और ओडिशा एफसी जैसे क्लबों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे भारतीय राष्ट्रीय टीम के साथ भी खेल चुके हैं। वहीं, यासिर एफसी गोवा से आए हैं और इससे पहले पुणे सिटी, हैदराबाद एफसी और राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं।