ज्वेल एंड्रयू चोटिल, भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने आमिर जांगू को चुना
वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए शीर्ष क्रम के बल्लेबाज आमिर जांगू को चोटिल ज्वेल एंड्रयू के विकल्प के रूप में टीम में शामिल किया है। टी20 सीरीज का पहला मैच मंगलवार को लखनऊ में खेला जाएगा।
मुल्लांपुर में शनिवार को खेले गए तीसरे वनडे के दौरान नमन धीर का कैच लेने के प्रयास में एंड्रयू की उंगली में चोट लग गई थी। हालांकि जांच में पता चला कि किसी तरह का फ्रैक्चर नहीं है। यह 19 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज वेस्टइंडीज के 352 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करने के दौरान बल्लेबाजी करने नहीं उतरा।

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने सोमवार को बयान में कहा, ‘‘भारत के खिलाफ शनिवार को तीसरे वनडे के दौरान ज्वेल एंड्रयू की उंगली में चोट लगने के बाद उनकी जगह विकल्प के तौर पर आमिर जांगू को टीम में शामिल किया गया है। चिकित्सा दल एंड्रयू की स्थिति पर नजर रख रहा है।’’