तनय बलोदा के छह विकेट से ऑस्ट्रेलिया 174 रन पर ढेर, भारत ने गंवाए दो विकेट
बाएं हाथ के स्पिनर तनय बलोदा के छह विकेट से भारतीय अंडर-19 टीम ने सोमवार को यहां दूसरे युवा टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी को 174 रन पर समेट दिया। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने भी अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए, जिससे मुकाबला बराबरी पर है।
बलोदा ने छह विकेट लिए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने साझेदारियां बनाने के लिए संघर्ष करती रही। भारत ने शुरुआत में ही ऑस्ट्रेलिया को झटके दिए। प्रियांशु सिंह ने दूसरे ओवर में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मैथ्यू लॉफ को पवेलियन भेजा, जबकि मोहित उलवा ने हेडन बारबुलोविक को आठ रन पर आउट किया।
बलोदा ने एली ब्रेन को पगबाधा किया और नील पटेल को स्टंप आउट कराया। पटेल ने 31 रन बनाए। बाद बलोदा ने जेड हॉलिक को भी अपना शिकार बनाया, जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 65 रन हो गया।

ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज चार्ली हेंडरसन और जैकब पीट्ज ने सातवें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। हेंडरसन ने सर्वाधिक 37 रन बनाए जबकि पीट्ज ने 26 रन का योगदान दिया। बलोदा ने पीट्ज को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।
इसके बाद अयान अकरम ने हेंडरसन को आउट किया, जबकि बलोदा ने निचले क्रम को समेटते हुए ऑस्ट्रेलियाई पारी का अंत किया। उन्होंने पैट्रिक सुलिवन को भी आउट किया, जिन्होंने 20 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया को सस्ते में समेटने के बाद भारत की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। पहले युवा टेस्ट में 240 रन की शानदार पारी खेलने वाले लक्ष्य राजेश रायचंदानी इस बार केवल एक रन बनाकर आउट हो गए।
सागर वीरक ने 16 रन की पारी खेली, लेकिन लेग स्पिनर स्पेंसर ग्रीन ने उन्हें पगबाधा कर भारत को दूसरा झटका दिया। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दो विकेट पर 38 रन बना लिए थे। कुशाग्र ओझा 13 और कप्तान यशवर्धन चौहान सात रन बनाकर नाबाद थे। भारत अभी ऑस्ट्रेलिया से 136 रन पीछे है। भारत ने पहला युवा टेस्ट पारी और 48 रन के बड़े अंतर से जीता था।