फ्रेंचाइजी क्रिकेट के लिये टेस्ट से जल्दी संन्यास चिंता का विषय : एमसीसी

क्रिकेट के नियमों और भावना के संरक्षक मेरिलबोन क्रिकेट क्लब के क्रिकेट प्रमुख फ्रेजर स्टीवर्ट ने कहा कि फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग खेलने के लिये क्रिकेटरों का टेस्ट से जल्दी संन्यास लेना चिंता का विषय है लेकिन उन्हें कम खेलकर अधिक पैसा कमाने की चाह के लिये दोषी नहीं ठहराया जा सकता।

स्टीवर्ट ने दिन के टेस्ट में गुलाबी गेंद के इस्तेमाल को प्रयोग के लिये अनुमति देने के आईसीसी के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे पारंपरिक प्रारूप में रूचि फिर पैदा होगी। स्टीवर्ट ने कहा ,‘‘आईसीसी और मेरा मानना है कि द्विपक्षीय श्रृंखला में दोनों देशों को तय करने का अधिकार होना चाहिये कि क्या वे गुलाबी गेंद का इस्तेमाल करना चाहते हैं।’’

स्टीवर्ट कर्नाटक क्रिकेट अंपायर संघ के साथ साझेदारी में एमसीसी के ‘लॉ आफ क्रिकेट’ ऐप के कन्नड़ संस्करण के लांच के लिये यहां मौजूद थे। उन्होंने कहा ,‘‘ अगर दोनों टीमों को लगता है कि गुलाबी गेंद से खेलने पर खराब मौसम में भी समय का नुकसान नहीं होगा तो यह ठीक है। अधिक समय तक खेलने और अधिक दर्शकों को आकर्षित करने के लिये लिया गया फैसला तर्कसंगत होगा।’’

साभार : गूगल

उन्होंने यह भी कहा ,‘‘ अब क्रिकेटर टेस्ट से जल्दी संन्यास लेने लगे हैं क्योंकि फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अधिक पैसा है। लेकिन इसके लिये खिलाड़ियों को दोष नहीं दे सकते क्योंकि उन्हें कम खेलकर अधिक पैसा मिल रहा है।’’ स्टीवर्ट ने कहा ,‘‘ यह एमसीसी का नहीं बल्कि आईसीसी का मसला है। हम चाहते हैं कि सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर टेस्ट खेलें।’’