मैकस्वीनी का शतक, बियर्डमैन की धारदार गेंदबाजी; भारत ए 125 रन से हारा

नाथन मैकस्वीनी के शानदार शतक और तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन की चार विकेट की बेहतरीन गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया ए ने मंगलवार को तीन मैचों की सीरीज के पहले वनडे में भारत ए को 125 रन से हराया।

सिचेम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए की टीम एक समय 87 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी। मैकस्वीनी ने 123 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने कप्तान विल सदरलैंड के साथ छठे विकेट के लिए 141 रन की साझेदारी की। सदरलैंड ने 77 रन बनाए। दोनों की पारियों से ऑस्ट्रेलिया ए ने 274 रन बनाए।

भारत ए के लिए सूर्यांश शेडगे ने चार विकेट चटकाए। यश ठाकुर ने तीन विकेट लिए जबकि अरशद खान को दो विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए की शुरुआत बेहद खराब रही। 21 वर्षीय बियर्डमैन ने साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल और विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को आउट कर भारत ए का स्कोर चौथे ओवर तक तीन विकेट कर दिया।

© CAP

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर भारत ए को 58 रन पर चौथा झटका दिया। भारत ए की टीम 149 रन पर ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से रजत पाटीदार ने सर्वाधिक 53 रन बनाए। यह उनका लिस्ट-ए क्रिकेट में 14वां अर्धशतक था। निशांत सिंधू ने 31 रन का योगदान दिया। सीरीज का दूसरा वनडे नौ अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को खेला जाएगा।