आर्कटिक ओपन: सिंधु दूसरे दौर में, थारुन और रौनक ने मुख्य ड्रॉ में बनाई जगह
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने आर्कटिक ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई, वहीं थारुन मन्नेपल्ली और रौनक चौहान ने पुरुष एकल के मुख्य ड्रॉ में प्रवेश किया। कई अन्य भारतीय खिलाड़ियों को हार मिली।
पूर्व विश्व विजेता सिंधु ने कनाडा की वेन यू झांग को महज 28 मिनट में 21-8, 21-11 से हराया। जुलाई में जापान ओपन का खिताब जीतने वाली सिंधु का सामना अब चीनी ताइपे की लिन हियांग टी या जापान की रिको गुनजी से होगा।
उन्नति हुड्डा और अस्मिता चालिहा को कड़े मुकाबले के बाद हार मिली। एशियाई खेलों में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची उन्नति को चीन की हान कियान शी ने 16-21, 21-15, 24-22 से हराया। सातवीं वरीय डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफरसन ने अस्मिता को 21-7, 14-21, 26-24 से हराया।

मालविका बंसोड़ ने ताइवान की सुंग शुओ यून को 21-15, 14-21, 21-14 से मात देकर मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई लेकिन अंतिम 32 के मुकाबले में उन्हें अनुभवी स्कॉटिश खिलाड़ी कर्स्टी गिल्मर के हाथों 18-21, 13-21 से हार मिली। क्वालीफाइंग दौर में थारुन मन्नेपल्ली ने दूसरी वरीयता प्राप्त बेल्जियम के जूलियन कैरागी को 21-12, 19-21, 21-13 से हराया।
मुख्य ड्रॉ में उनकी टक्कर डेनमार्क के मैग्नस जोहानसन से होगी। रौनक चौहान ने इजराइल के डेनियल दुबोवेंको को 18-21, 21-17, 21-19 से हराया। मुख्य ड्रॉ में वह चीन के वेंग होंग यांग से टक्कर होगी। भारत की रक्षिता श्री संतोष रामराज को जर्मनी की यवोन ली ने 21-11, 16-21, 21-9 से हराकर बाहर कर दिया।