पहले हाफ में बराबरी की टक्कर, दूसरे में बिखरा भारत; उरुग्वे 6-1 से जीता

उरुग्वे ने यहां अंतरराष्ट्रीय मैत्री फुटबॉल मैच में दूसरे हाफ में आक्रामक प्रदर्शन करते हुए भारत को 6-1 से हराया। डार्विन नुनेज ने 11वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर दो बार की विश्व विजेता टीम को बढ़त दिलाई। परमवीर सिंह को बॉक्स के अंदर फेडेरिको विनास के खिलाफ फाउल करने का दोषी ठहराए जाने के बाद उरुग्वे को पेनल्टी मिली थी।

हालांकि भारत ने बेहतरीन जवाब देते हुए 22वें मिनट में अनिरुद्ध थापा के गोल से बराबरी कर ली। रयान विलियम्स के शॉट को गोलकीपर थियागो कार्डोजो ने रोक दिया लेकिन थापा ने रिबाउंड पर गोल कर दिया।

उरुग्वे ने 28वें मिनट में मैक्सिमिलियानो अराउजो के गोल से फिर बढ़त हासिल कर ली। भारतीय रक्षापंक्ति की चूक का फायदा उठाते हुए अराउजो ने नजदीक से गेंद को गोल में पहुंचाया। पहले हाफ के आधे घंटे के तुरंत बाद बिजली चमकने की वजह से खेल कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। मौसम से जुड़ी इस बाधा के बाद मुकाबला दोबारा शुरू हुआ।

@IndianFootball

भारत उरुग्वे के आक्रामक खेल का सामना दूसरे हाफ में नहीं कर सका। रोड्रिगो सालाजार ने 53वें मिनट में उरुग्वे से तीसरा गोल किया। इसके छह मिनट बाद अराउजो ने अपना दूसरा गोल करके स्कोर 4-1 कर दिया और इसके साथ ही भारत की वापसी की उम्मीद लगभग खत्म हो गई।

भारतीय रक्षापंक्ति में मौजूद खाली जगहों का उरुग्वे ने लगातार फायदा उठाया। जुआन मैनुअल सनाब्रिया ने 71वें मिनट में पांचवां गोल किया जबकि रोड्रिगो अगुइरे ने 86वें मिनट में छठा गोल दागकर भारत की करारी हार पूरी कर दी। यह हार खालिद जमील की टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों की श्रृंखला का निराशाजनक अंत रही।

भारत ने पनामा के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था और फिर पांच बार की विश्व विजेता ब्राजील के हाथों 0-4 से हार गया था। दक्षिण अमेरिकी टीम के खिलाफ इस मैत्री मैच के लिए भी विशाल सॉल्ट लेक स्टेडियम में दर्शकों की संख्या कम रही।

इस 68,000 दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम की कई सीटें खाली रहीं और तीनों दीर्घाओं (निचली, मध्य और ऊपरी) में काफी कम दर्शक नजर आए। इससे आयोजक अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के लिए स्पष्ट संदेश गया। कम दर्शकों की संख्या के बावजूद एआईएफएफ ने लोगों को स्टेडियम तक खींचने के लिए कई प्रयास किए थे।

इसी मैदान पर ब्राजील के खिलाफ भारत की हार के दौरान फीकी प्रतिक्रिया देखने के बाद आयोजकों ने उरुग्वे के खिलाफ मैच के टिकटों की कीमत कुछ ब्लॉकों में करीब 90 प्रतिशत तक घटा दी थी। 749 रुपये से शुरू होने वाले टिकट 199 रुपये में उपलब्ध कराए गए।

मुफ्त पास भी बांटे गए जिनमें पिछले साल कोलकाता में हुए विवादित लियोनेल मेस्सी दौरे के टिकट खरीदने वाले लोगों को दिए गए 22,000 पास भी थे। इसके बावजूद किकऑफ के समय स्टेडियम में करीब 15,000 दर्शक ही मौजूद थे।