होप्स-हैडिन ने छोड़ी पंजाब किंग्स, आईपीएल 2027 से पहले बदलेगा सपोर्ट स्टाफ

आईपीएल 2027 की तैयारियों के बीच पंजाब किंग्स के सामने अपने कोचिंग स्टाफ को दोबारा तैयार करने की चुनौती खड़ी हो गई है। ऑस्ट्रेलियाई कोच जेम्स होप्स और ब्रैड हैडिन ने फ्रेंचाइजी से अलग होने का फैसला किया है। एक समाचार एजेंसी को मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आगामी आईपीएल सीजन में पंजाब किंग्स के साथ नजर नहीं आएंगे। इससे पहले टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच सैराज बहुतुले भी फ्रेंचाइजी छोड़ चुके हैं।

होप्स पंजाब किंग्स में रिकी पोंटिंग की अगुवाई वाले सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा थे और तेज गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं, ब्रैड हैडिन टीम के फील्डिंग कोच थे। दोनों ने ऑस्ट्रेलिया में नई जिम्मेदारियां स्वीकार की हैं। इनके जाने के बाद पंजाब किंग्स को आईपीएल 2027 से पहले तीन नए कोचों की नियुक्ति करनी होगी।

सैराज बहुतुले के जाने से भी टीम के कोचिंग ढांचे में अहम बदलाव हुआ है। पंजाब किंग्स के स्पिन-बॉलिंग कोच रहे बहुतुले अब भारतीय टीम के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने गौतम गंभीर की अगुवाई वाले भारतीय टीम प्रबंधन के साथ स्पिन कोच की भूमिका संभाल ली है। इस तरह फ्रेंचाइजी के सपोर्ट स्टाफ में तीन प्रमुख पद खाली हो चुके हैं।

© Punjab Kings

एक आईपीएल सूत्र ने समाचार एजेंसी को बताया, “हां, हैडिन और होप्स पंजाब किंग्स से अलग हो गए हैं। आईपीएल 2026 के बाद, वे ऑस्ट्रेलिया में स्थानीय राज्य टीमों के साथ हेड कोच के तौर पर जुड़ गए। होप्स ने क्वींसलैंड के हेड कोच का पद संभाला है और बिग बैश लीग टीम ब्रिस्बेन हीट में भी यही भूमिका निभाएंगे।”

सूत्र के बताया, “हैडिन ने न्यू साउथ वेल्स पुरुष टीम के हेड कोच का पद संभाला है और उन्हें बिग बैश लीग में भी कोचिंग की भूमिका मिल सकती है।” पंजाब किंग्स इन खाली पदों को भरने की तैयारी में जुट गई है। सूत्र के अनुसार, फ्रेंचाइजी दिसंबर में आईपीएल नीलामी से पहले नए कोचों के नाम तय करना चाहती है। टीम आईपीएल 2027 के लिए अपने सपोर्ट स्टाफ को पूरा करने के लिए एक भारतीय और दो विदेशी कोचों की तलाश कर रही है।

सूत्र ने बोला, “उम्मीद है कि दिसंबर में आईपीएल नीलामी से पहले पंजाब किंग्स के तीन नए कोचों के बारे में फैसला ले लिया जाएगा। वे आईपीएल 2027 के लिए अपने सपोर्ट स्टाफ को पूरा करने के लिए एक भारतीय और दो विदेशी कोचों की तलाश में हैं।”

जेम्स होप्स 2024 में रिकी पोंटिंग को पंजाब किंग्स का हेड कोच बनाए जाने के बाद फ्रेंचाइजी से जुड़े थे। इससे पहले वह दिल्ली कैपिटल्स में भी पोंटिंग के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रह चुके थे। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स के सपोर्ट स्टाफ में बदलाव के बावजूद ब्रैड हैडिन को टीम के साथ बरकरार रखा गया था।

आईपीएल 2025 से पहले पंजाब किंग्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए थे। फ्रेंचाइजी ने ट्रेवर बेलिस की जगह रिकी पोंटिंग को हेड कोच बनाया था। इसके बाद जेम्स होप्स ने चार्ल लैंगवेल्ड की जगह फास्ट-बॉलिंग कोच का पद संभाला, जबकि सैराज बहुतुले को सुनील जोशी की जगह स्पिन-बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया था।

सुनील जोशी अब बीसीसीआई सीओई में स्पिन-बॉलिंग कोच की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, ट्रेवर गोंसाल्वेस को असिस्टेंट बॉलिंग कोच के पद पर बरकरार रखा गया था। अब होप्स, हैडिन और बहुतुले के अलग होने से पंजाब किंग्स को आईपीएल 2027 के लिए अपने सपोर्ट स्टाफ में तीन नए चेहरों को शामिल करना होगा।