मैनचेस्टर यूनाइटेड को खिताब की दौड़ में लौटने के लिए करना होगा सुधार

मैनचेस्टर यूनाइटेड विंगर अमाद डियालो ने प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र में टीम के प्रदर्शन पर असंतोष जताते हुए कहा है कि क्लब को अपनी वास्तविक क्षमता के अनुरूप खेलने के लिए काफी सुधार करना होगा। उन्होंने साफ कहा कि मैनचेस्टर यूनाइटेड जैसे बड़े क्लब का लक्ष्य हमेशा खिताब के लिए चुनौती पेश करना होना चाहिए।

डियालो के मुताबिक, टीम को ड्रॉ को जीत में बदलने और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने पर ध्यान देना होगा। जियोस्टार को दिए साक्षात्कार में डियालो ने कहा कि अंक तालिका में 12वें स्थान पर होना मैनचेस्टर यूनाइटेड की क्षमता को नहीं दर्शाता।

उन्होंने माना कि सत्र की शुरुआत टीम की उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही है। एक जीत और दो ड्रॉ जैसे नतीजे उस क्लब के लिए पर्याप्त नहीं हैं, जिससे हर सत्र में खिताब की दौड़ में शामिल रहने की अपेक्षा की जाती है।

साभार : गूगल

डियालो ने कहा, “हमने सत्र की शुरुआत उस तरह नहीं की, जैसी हम चाहते थे। एक जीत और दो ड्रॉ मैनचेस्टर यूनाइटेड जैसे क्लब के लिए पर्याप्त नहीं हैं। हम अंक तालिका में 12वें स्थान पर हैं और यह हमारी जगह नहीं है। सत्र अभी लंबा है और कुछ भी तय नहीं है। हमें हर मैच पर ध्यान देना होगा, अभ्यास में कड़ी मेहनत करनी होगी और ड्रॉ को जीत में बदलना शुरू करना होगा।”

उन्होंने खिताब जीतने की संभावनाओं पर कहा कि सत्र की शुरुआत है, लेकिन टीम को अपनी कमियों को स्वीकार करते हुए प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी। डियालो ने कहा, “क्या हम खिताब जीत सकते हैं? सत्र की शुरुआत है, लेकिन हमें खुद के प्रति ईमानदार रहना होगा।

खिताबी दौड़ में शामिल होने के लिए हमें काफी सुधार करना होगा और लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। मैनचेस्टर यूनाइटेड ऐसा क्लब है, जिसे हमेशा खिताब के लिए लड़ना चाहिए। हम इसी लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेंगे और सत्र के अंत में देखेंगे कि हम कहां खड़े हैं।”

डियालो ने इंग्लैंड में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि नए देश और माहौल में खुद को ढालना उनके लिए आसान नहीं था। वह 2021 में प्रीमियर लीग में खेलने के लिए इंग्लैंड पहुंचे थे। उस समय भाषा की परेशानी और अलग संस्कृति के कारण उन्हें शुरुआती सप्ताहों में काफी कुछ सीखना पड़ा।

उन्होंने कहा, “जब मैं 2021 में इंग्लैंड आया, तो शुरुआती कुछ सप्ताह मेरे लिए अजीब थे। नया देश, नया माहौल, अंग्रेजी नहीं बोल पाना और अलग-अलग संस्कृतियां—मुझे यहां के वातावरण में ढलने में समय लगा। मैनचेस्टर यूनाइटेड से जुड़ने के बाद मैंने सबसे पहले खुद से कहा, ‘ईश्वर का धन्यवाद।’ यूनाइटेड के लिए खेलना मेरा सपना था।”

क्लब में आने के बाद डियालो को अपने आदर्श पॉल पोग्बा से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने पोग्बा के साथ तस्वीर खिंचवाने का अनुरोध किया था। बाद में उनके साथ मैदान पर खेलने का मौका भी मिला, जिसे उन्होंने अपने लिए अविस्मरणीय अनुभव बताया।

डियालो ने 2024 एफए कप क्वार्टर फाइनल में लिवरपूल के खिलाफ अतिरिक्त समय में किए गए निर्णायक गोल को अपने करियर के सबसे यादगार पलों में शुमार किया। ओल्ड ट्रैफर्ड में घरेलू फैंस के सामने चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ गोल करना उनके लिए भावुक क्षण था। उन्होंने कहा, “एफए कप के क्वार्टर फाइनल में विजयी गोल करना मेरे करियर के बड़े पलों में से एक है। वह भी लिवरपूल जैसी बड़ी प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ, ओल्ड ट्रैफर्ड में और अपने प्रशंसकों के सामने। उस समय भावनाएं चरम पर थीं।”

डियालो ने उस मुकाबले के बाद मिले लाल कार्ड का जिक्र करते हुए बताया कि गोल का जश्न मनाने के दौरान वह भूल गए थे कि उन्हें पहले ही पीला कार्ड मिल चुका है। जश्न में उन्होंने अपनी जर्सी उतार दी, जिसके कारण उन्हें दूसरा पीला कार्ड और फिर लाल कार्ड दिखाया गया। उन्होंने इस घटना को याद करते हुए कहा, “इसके बाद मुझे लाल कार्ड मिला, लेकिन मुझे लगता है कि वह अब तक का सबसे अच्छा लाल कार्ड था।”

डियालो ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व स्ट्राइकर रूड वान निस्टलरॉय से मिले मार्गदर्शन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि वान निस्टलरॉय ने उन्हें मैदान पर मूवमेंट बेहतर करने और गोल करने की तकनीक से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इन सलाहों से उन्हें अपने खेल को निखारने में मदद मिली।

मैनचेस्टर यूनाइटेड के सामने अब टॉटेनहम हॉटस्पर की चुनौती है। डियालो ने इस मुकाबले को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि दोनों क्लबों के बीच ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा उठाकर यूनाइटेड तीन अंक हासिल करने में सफल रहेगा।

उनके अनुसार, टॉटेनहम के खिलाफ जीत से टीम को अंक तालिका में अपनी स्थिति सुधारने के साथ आगामी मुकाबलों के लिए आत्मविश्वास हासिल करने में भी मदद मिलेगी। मैनचेस्टर यूनाइटेड और टॉटेनहम हॉटस्पर के बीच मुकाबला शनिवार, 10 अक्टूबर को खेला जाएगा।