आर्चरी प्रीमियर लीग : अलेजांद्रा के परफेक्ट 10 से चोला चीफ्स की पहली जीत

हैदराबाद: चोला चीफ्स ने आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) सीजन-2 में अपनी पहली जीत दर्ज करते हुए शुक्रवार को काकतीय नाइट्स को 6-2 से हराया। चीफ्स ने हर सेट की शुरुआत में अपने कंपाउंड तीरंदाजों के जरिए दबाव बनाने की रणनीति अपनाई, जो सफल रही। टीम की ओर से एपीएल में पदार्पण करने वाली कोलंबिया की अलेजांद्रा उस्कियानो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी आठ तीरों पर 10-10 अंक हासिल किए।

चीफ्स ने काकतीय नाइट्स को 6-2 से दी मात, कंपाउंड तीरंदाजों की रणनीति रही कारगर

इस जीत के बाद दोनों टीमों के खाते में दो मैचों में एक जीत और एक हार हो गई है। भारतीय तीरंदाजी संघ की पहल पर शुरू हुई दुनिया की पहली फ्रेंचाइजी आधारित तीरंदाजी लीग एपीएल में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें 36 भारतीय और 12 शीर्ष अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सहित कुल 48 खिलाड़ी शामिल हैं। हैदराबाद के पीपुल्स प्लाजा में आयोजित हो रही इस लीग का समापन 18 अक्टूबर को होगा। शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में भिड़ेंगी, जिसके बाद खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

Picture Credit – Archery Premier League

मुकाबले के पहले सेट से ही चोला चीफ्स की रणनीति स्पष्ट नजर आई। टीम ने अपने दोनों कंपाउंड तीरंदाजों ऋषभ यादव और अलेजांद्रा उस्कियानो से पहले ही हाफ में उनके दोनों तीर चलवाए। इसका फायदा मिला और चीफ्स ने शुरुआती आठ तीरों में 40 में से पूरे 40 अंक हासिल किए। इससे काकतीय नाइट्स पर स्कोर का दबाव बढ़ गया। नाइट्स ने हालांकि अपनी नियमित रणनीति के अनुसार दो कंपाउंड और दो रिकर्व तीरंदाजों को बारी-बारी से उतारा।

दूसरे सेट में भी चीफ्स के कंपाउंड तीरंदाजों ने पूरे 40 अंक हासिल किए। दूसरी ओर, नाइट्स के नीरज चौहान को अपना आखिरी तीर चलाने के लिए बहुत कम समय मिला और वह केवल पांच अंक ही हासिल कर सके। चीफ्स ने इस सेट में कुल 76 अंक जुटाकर 4-0 की बढ़त बना ली।

Picture Credit – Archery Premier League

पहले दिन माइटी मराठाज के खिलाफ 0-4 से पिछड़ने के बाद वापसी कर चुकी काकतीय नाइट्स ने तीसरे सेट में फिर संघर्ष करने का जज्बा दिखाया। नीरज ने अपने पिछले शॉट की भरपाई करते हुए आठवें तीर पर शानदार 10 अंक हासिल किए। दूसरी ओर, चीफ्स के मार्कस डी’अल्मेडा केवल तीन अंक ही जुटा सके। यदि वह नौ अंक हासिल करते, तो चीफ्स मुकाबला जीत जाते। नाइट्स ने यह सेट 76-70 से जीतकर वापसी की उम्मीद जगाई।

हालांकि, चौथे सेट में चोला चीफ्स ने एक बार फिर दमदार प्रदर्शन किया। टीम ने 80 में से 79 अंक हासिल किए। कंपाउंड तीरंदाजों की शानदार लय के साथ रिकर्व तीरंदाज दीपिका कुमारी और मार्कस डी’अल्मेडा ने भी अपना कौशल दिखाया। चीफ्स ने यह सेट 79-76 से जीतकर मुकाबला 6-2 से अपने नाम कर लिया।

Picture Credit – Archery Premier League

लीग के तीसरे दिन की शुरुआत माइटी मराठाज और चोला चीफ्स के मुकाबले से होगी। इसके बाद पृथ्वीराज योधाज का सामना चेरो आर्चर्स से होगा। दिन के अंतिम मुकाबले में गत चैंपियन राजपूताना रॉयल्स की भिड़ंत काकतीय नाइट्स से होगी।