अर्जेंटीना को विदाई के बाद मेस्सी का धमाका, इंटर मियामी की 4-0 से बड़ी जीत
अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम के साथ 21 साल के सफर का विदाई मैच खेलने के चार दिन बाद लियोनेल मेस्सी ने क्लब फुटबॉल में शानदार प्रदर्शन किया। उनके दो गोल की मदद से इंटर मियामी ने मेजर सॉकर लीग में डीसी यूनाइटेड को 4-0 से हराकर पिछले पांच मैचों से चला आ रहा जीत का सूखा खत्म कर दिया।
मेस्सी ने पूरे 90 मिनट मैदान पर बिताए और दूसरे हाफ में दो गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने 47वें मिनट में अपना पहला गोल किया, जबकि 60वें मिनट में दूसरा गोल दागा। इस प्रदर्शन के साथ ही मेस्सी के मौजूदा सत्र में 23 गोल हो गए हैं। वह इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने हुए हैं।

इंटर मियामी की जीत में लुई सुआरेज ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहले हाफ में दो गोल करके टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। सुआरेज के दोनों गोल की बदौलत इंटर मियामी ने मध्यांतर तक 2-0 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद मेस्सी ने दूसरे हाफ में लगातार दो गोल करके टीम की जीत पर मुहर लगा दी। जर्मन बर्तेरामे ने भी दो गोल करने में मदद की।