Trending

हर बच्चे को मिले आगे बढ़ने का मौका, यूनिसेफ से जुड़कर बोलीं स्मृति मंधाना

यूनिसेफ इंडिया ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना को अपने ‘सेलिब्रिटी एडवोकेट’ के रूप में नामित किया है। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर यह ऐलान हुआ, जो लड़कियों के अधिकारों, सुरक्षा, नेतृत्व और क्षमता पर ध्यान आकर्षित करता है। इसके साथ ही उन बाधाओं की भी पहचान करता है जो उनके विकल्पों को सीमित करते हैं।

मंधाना ने कहा, ‘‘यूनिसेफ इंडिया में सेलिब्रिटी एडवोकेट के रूप में शामिल होकर मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं क्रिकेट खेलते हुए बड़ी हुई हूं और मुझे यह अच्छी तरह से पता है कि हर सपना एक अवसर से शुरू होता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और प्रोत्साहन से वह अवसर असाधारण बन सकता है। हर बच्चे और युवा को बड़े सपने देखने और अपनी क्षमता का भरपूर इस्तेमाल करने का मौका मिलना चाहिए।’’

© Getty Images

लंबे समय से दक्षिण एशिया के यूनिसेफ के क्षेत्रीय दूत के रूप में कार्य कर रहे दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने मंधाना की नियुक्ति का स्वागत किया। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित मंधाना को इस सप्ताह के आगाज में हरमनप्रीत कौर के कप्तानी से हटने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान बनाया गया था।