ओडिशा का गोलों का तूफान, केरल को 9-0 से हराकर दर्ज की दूसरी जीत

हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में ओडिशा ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए यहां डिवीजन बी के पूल ए मुकाबले में केरल को 9-0 से हराकर दो मैचों में दूसरी जीत दर्ज की। उत्तराखंड और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव ने भी कड़े मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि झारखंड और हिमाचल प्रदेश को अपने-अपने मुकाबले जीतने में अधिक परेशानी नहीं हुई।

ओडिशा ने केरल के खिलाफ पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं किया, लेकिन दूसरे क्वार्टर में दो गोल दागकर बढ़त बनाई। तीसरे क्वार्टर में पांच और चौथे क्वार्टर में दो गोल कर मुकाबला एकतरफा कर दिया। ओडिशा ने दो मुकाबलों में अभी तक कुल 27 गोल किए हैं और उसके खिलाफ केवल एक गोल हुआ है।

@TheHockeyIndia

पूल ए के एक अन्य मुकाबले में उत्तराखंड ने पहले दिन 1-18 की बड़ी हार के बाद वापसी करते हुए असम को 3-2 से हराकर पहली जीत हासिल की। डिवीजन बी के पूल बी मुकाबले में दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव की टीम ने अरुणाचल प्रदेश को 2-1 से हराया। पूल बी के एक अन्य मैच में झारखंड ने गोवा को 4-1 से हराया, जबकि हिमाचल ने पूल ए के मैच में मिजोरम को 4-2 से हराया।