देशपांडे की धारदार गेंदबाजी के आगे चंडीगढ़ बेबस, मुंबई मजबूत स्थिति में
तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे की बेहतरीन गेंदबाजी से मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को चंडीगढ़ को पहली पारी में महज 78 रन पर समेट दिया।
पहली पारी में 429 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करने वाले मुंबई ने 351 रन की बढ़त के बाद चंडीगढ़ को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया। मुंबई ने दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 249 रन से की और निचले क्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से पहली पारी में 429 रन बनाए। इससे टीम ने मुकाबले में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली।
इसके जवाब में चंडीगढ़ की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। टीम ने महज 29 रन तक अपने छह विकेट गंवा दिए और वानखेड़े स्टेडियम में उसकी पहली पारी 78 रन पर सिमट गई। देशपांडे ने सात ओवर में 17 रन देकर पांच विकेट झटके और मुंबई की गेंदबाजी की अगुवाई की। मोहित अवस्थी ने छह ओवर में नौ रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि सिल्वेस्टर डिसूजा को दो विकेट मिले। उन्होंने हालांकि 51 रन खर्च किए।

चंडीगढ़ से निशुंक बिरला ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। अर्जुन आजाद 20 रन बनाकर टीम के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे। अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इससे पहले मुंबई की पारी में सिद्धेश लाड ने 86 रन बनाए। तनुष कोटियन ने 58 रन का योगदान दिया। मोहित अवस्थी 56 रन बनाकर नाबाद लौटे।
देशपांडे ने गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया। उन्होंने 44 रन बनाए। पहले दिन मुशीर खान ने 65 और आयुष म्हात्रे ने 48 रन बनाकर मुंबई को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। चंडीगढ़ से राज बावा और रोहित धांडा ने चार-चार विकेट लिए। बावा ने 73 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि धांडा ने 78 रन खर्च कर चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।