शूटऑफ में चेरो को हराकर माइटी मराठाज ने दर्ज की लगातार तीसरी जीत

हैदराबाद : मैच के अधिकांश समय पिछड़ने के बावजूद माइटी मराठाज ने शानदार वापसी करते हुए सोमवार को आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) सीजन-2 में चेरो आर्चर्स को रोमांचक शूटऑफ में हरा दिया। अमन सैनी और धीरज बोम्मादेवरा ने एपीएल के खास हिट-या-मिस शूटऑफ में पीले घेरे पर सटीक निशाना लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

अमन सैनी और धीरज बोम्मादेवरा ने पीले घेरे में साधा निशाना, शूटऑफ में 2-1 से जीती मराठाज की टीम

चेरो की ओर से कंपाउंड वर्ग के विश्व नंबर-1 माथियास फुलर्टन ही शूटऑफ में निशाना साधने में सफल रहे, जबकि उनके तीन अन्य तीरंदाज चूक गए। इस तरह निर्धारित मुकाबला 4-4 से बराबर रहने के बाद मराठाज ने शूटऑफ में 2-1 से जीत दर्ज की।

Picture Credit – Archery Premier League

इस सीजन में चेरो की टीम अब तक दो मुकाबले टाईब्रेकर में हार चुकी है। हालांकि, उसने इस मैच की शुरुआत शानदार ढंग से की और पहला सेट अपने नाम किया। उच्चस्तरीय तीरंदाजी के रोमांचक प्रदर्शन के बीच दूसरा और तीसरा सेट दोनों टीमों ने एक-एक बार जीता। चौथे सेट में भी दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। कुछ करीबी निशानों के स्कोर की पुष्टि के लिए इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद सेट मराठाज के खाते में गया और मुकाबला शूटऑफ तक पहुंच गया।

सीजन की शुरुआत में लगातार दो हार झेलने वाली माइटी मराठाज ने अब लगातार तीन जीत दर्ज कर ली हैं। उसके छह अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में चेरो आर्चर्स के बराबर पहुंच गई है।

Picture Credit – Archery Premier League

भारतीय तीरंदाजी संघ की पहल पर शुरू हुई दुनिया की पहली फ्रेंचाइजी आधारित तीरंदाजी लीग एपीएल में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें 36 भारतीय और 12 अंतरराष्ट्रीय स्टार समेत कुल 48 तीरंदाज शामिल हैं। हैदराबाद के पीपुल्स प्लाजा में आयोजित यह लीग 18 अक्टूबर को खिताबी मुकाबले के साथ समाप्त होगी। सेमीफाइनल में शीर्ष चार टीमें हिस्सा लेंगी।

चेरो ने इस मुकाबले में शानदार फॉर्म में चल रहे अतनु दास की जगह यशदीप भोगे को उतारा। भोगे ने पहले सेट में दो बेहतरीन निशाने लगाकर चेरो को 2-0 की बढ़त दिलाई।

दूसरे सेट में भारतीय रिकर्व तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा और एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक जीत चुकीं कुमकुम अनिल मोहोड के बीच मुकाबला देखने को मिला। समय समाप्त होने के करीब दोनों ने नौ-नौ अंक के निशाने लगाए। तीसरे सेट में कुमकुम ने लक्ष्य के केंद्र में 10 अंक का शानदार निशाना लगाकर स्कोर बराबर कर दिया।

चौथे सेट में बोम्मादेवरा और कुमकुम दोनों ने 10 अंक के निशाने लगाए। हालांकि, अमन सैनी के पहले तीर को नौ से अपग्रेड कर 10 अंक दिए जाने के बाद मराठाज को सेट अंक मिल गए। सैनी ने पूरे मुकाबले में अपने सभी छह तीरों से अधिकतम 60 में से 60 अंक हासिल किए। इसके बाद उन्होंने शूटऑफ में भी सटीक निशाना लगाकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।

Picture Credit – Archery Premier League

मैच के बाद अपने शानदार प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर सैनी ने मजाकिया अंदाज में कहा, “यह मेरे लिए आसान है। इसके पीछे एक प्रक्रिया है और बहुत मेहनत करनी पड़ती है। जब मेहनत का नतीजा टीम के काम आता है, तो बहुत खुशी होती है।”

मंगलवार से लीग चरण का दूसरा दौर शुरू होगा और सेमीफाइनल में जगह बनाने की होड़ तेज हो जाएगी। पहले मुकाबले में फॉर्म में चल रही चेरो आर्चर्स का सामना मौजूदा चैंपियन राजपूताना रॉयल्स से होगा। दूसरे मैच में पृथ्वीराज योद्धाज और माइटी मराठाज अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने उतरेंगी। दिन का समापन दक्षिण भारतीय टीमों के बीच मुकाबले से होगा, जिसमें काकतीय नाइट्स और चोलाज चीफ्स आमने-सामने होंगी।

आर्चरी प्रीमियर लीग सीजन-2 का सीधा प्रसारण सोनीलिव, दूरदर्शन, भारतीय तीरंदाजी संघ के यूट्यूब चैनल और आर्चरी+ पर किया जा रहा है। टिकट जोमैटो के डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।