टीपीएल नीलामी में धाक्शिनेश्वर सुरेश को 13 लाख, आठ फ्रेंचाइजी ने चुनी अपनी टीम

भारतीय धाक्शिनेश्वर सुरेश समेत चार खिलाड़ियों पर किआ टेनिस प्रीमियर लीग आठवें सत्र के लिए खिलाड़ियों की नीलामी में सर्वाधिक 13-13 लाख रुपये की बोली लगी। बेल्जियम की सोफिया कोस्टौलास, रूस की सोफ्या लैंसेरे और इरिना शिमानोविच भी संयुक्त रूप से सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं।

आठ फ्रेंचाइजी ने मुंबई फोर सीजन्स होटल में आयोजित इस नीलामी में अपनी-अपनी टीमों को अंतिम रूप दिया। हैदराबाद के एलबी टेनिस स्टेडियम में टूर्नामेंट का आठवां सत्र 08 से 13 दिसंबर तक, जिसका प्रसारण दर्शकों के लिए जियोहॉटस्टार पर होगा। लिएंडर पेस, सानिया मिर्जा, रोहन बोपन्ना, रकुल प्रीत सिंह और सोनाली बेंद्रे भी नीलामी के दौरान मौजूद रहे।

गत विजेता जीएस दिल्ली एसेस ने सोफिया कोस्टौलास को 13 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। कोस्टौलास ने टूर्नामेंट के पिछले सत्र में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। वहीं, गुजरात पैंथर्स ने इरिना शिमानोविच और हैदराबाद स्ट्राइकर्स ने सोफ्या लैंसेरे को समान राशि में खरीदा। लखनऊ ब्लेजर्स ने भारतीय खिलाड़ी धाक्शिनेश्वर सुरेश पर 13 लाख रुपये खर्च किए।

गुरुग्राम ग्रैंड स्लैमर्स ने भारतीय खिलाड़ी श्रिवल्ली भामिदिपति को सात लाख रुपये और जर्मनी के डेनियल मासुर को 7.10 लाख रुपये में खरीदा। राजस्थान रेंजर्स ने भारतीय युगल विशेषज्ञ श्रीराम बालाजी के लिए आठ लाख रुपये की बोली लगाई, जबकि रूस की अनास्तासिया जोलोटारेवा को 7.30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया। चीन की फांग्रान तियान को 9.20 लाख रुपये और भारत के अनिरुद्ध चंद्रशेखर को 7.20 लाख रुपये में कोलकाता थंडर ब्लेड्स ने खरीदा।

मुंबई रॉयल्स ने भारत के निकी पूनाचा को 7.20 लाख रुपये तथा क्रोएशिया की तारा वुर्थ को सात लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। गुजरात पैंथर्स ने भारतीय रामकुमार रामनाथन को सात लाख रुपये में खरीदा। हैदराबाद स्ट्राइकर्स ने भारत के सिद्धांत बंथिया के लिए सात लाख रुपये खर्च किए। लखनऊ ब्लेजर्स ने चेक गणराज्य की जूली स्टुपलोवा को सात लाख रुपये में अपनी टीम में जगह दी। गत चैंपियन दिल्ली एसेस ने भारत के रित्विक चौधरी बोलिपल्ली को भी सात लाख रुपये में खरीदा।

टीपीएल सह-संस्थापक कुनाल ठाकुर ने बोला कि नीलामी में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। धाक्शिनेश्वर सुरेश जैसे भारतीय खिलाड़ियों को मिली ऊंची बोली से लीग में घरेलू प्रतिभाओं के बढ़ते मौकों का पता चलता है। लीग का उद्देश्य भारतीय टेनिस खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।

लीग सह-संस्थापक मृणाल जैन ने कहा कि सभी टीमों ने अपने प्रमुख खिलाड़ियों के इर्द-गिर्द संतुलित टीम तैयार करने की कोशिश की है। किआ इंडिया वरिष्ठ उपाध्यक्ष (मार्केटिंग एवं सेल्स) अतुल सूद ने भी लीग के साथ कंपनी की साझेदारी को भारतीय टेनिस संस्कृति और उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में अहम कहा। टूर्नामेंट के आठवें सत्र में टीमें लीग के 25 अंकों वाले फॉर्मेट में मुकाबला करेंगी, जिसमें प्रत्येक अंक का महत्व होगा। आयोजकों के अनुसार, मैचों के विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा बाद में होगी।