इंजरी टाइम में जितिन का वार, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने गत चैंपियन मोहन बागान को हराया
नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने इंडियन सुपर लीग के मौजूदा सत्र में अपने अभियान का आगाज यादगार जीत के साथ किया। टीम ने आखिरी क्षणों तक चले रोमांचक मुकाबले में गत विजेता मोहन बागान सुपर जायंट को 1-0 से हराकर पूरे तीन अंक हासिल किए। नॉर्थईस्ट यूनाइटेड की इस जीत के नायक जितिन एमएस रहे, जिन्होंने इंजरी टाइम में गोल दागकर मैच का रुख बदल दिया।
दूसरे हाफ की शुरुआत में मैदान पर उतारे गए जितिन ने 90+2वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर नॉर्थईस्ट यूनाइटेड की जीत सुनिश्चित की। उनके इस निर्णायक गोल ने उस मुकाबले का परिणाम तय किया, जो काफी देर तक ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा था।
मैच के पहले ही मिनट में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने गोल करने का मौका बनाया था, लेकिन मोहन बागान के गोलकीपर विशाल कैथ ने शानदार बचाव करते हुए मेजबान टीम को बढ़त लेने से रोक दिया। इसके बाद मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।

जब मैच बराबरी पर समाप्त होने की ओर बढ़ रहा था, तभी इंजरी टाइम में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने एक बार फिर जोरदार हमला किया। विशाल कैथ ने शुरुआती प्रयास को रोककर गोल बचाने की कोशिश की, लेकिन गेंद गोलपोस्ट से टकराकर वापस लौट आई। मौके का फायदा उठाते हुए जितिन ने रिबाउंड पर गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। उनका यह गोल नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के लिए निर्णायक साबित हुआ और टीम ने गत चैंपियन मोहन बागान सुपर जायंट को 1-0 से हराकर सत्र के अपने पहले ही मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की।