दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ से जुड़े युवराज सिंह, सहायक और बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभाएंगे

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह आगामी आईपीएल सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के सहायक एवं बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। फ्रेंचाइजी ने सोमवार को उनकी नियुक्ति का ऐलान किया। यह युवराज के करियर की पहली औपचारिक कोचिंग भूमिका होगी। वह पहली बार आईपीएल में कोच के रूप में होंगे।

युवराज ने भारतीय टीम के लिए 304 वनडे, 40 टेस्ट और 58 टी20 खेले हैं। वह 2007 के आईसीसी टी20 विश्व कप और 2011 के वनडे विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे। हाल के वर्षों में उन्होंने कई स्थापित और उभरते भारतीय क्रिकेटरों का मार्गदर्शन भी किया है।

दिल्ली कैपिटल्स के साथ युवराज का यह दूसरा जुड़ाव होगा। 2015 में उस समय दिल्ली डेयरडेविल्स के नाम से खेलने वाली फ्रेंचाइजी ने उन्हें 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस समय वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। उन्होंने उस सत्र में टीम से सभी 14 मुकाबले खेले थे।

@DelhiCapitals

दिल्ली कैपिटल्स चेयरमैन एवं सह-मालिक पार्थ जिंदल ने युवराज की नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि उनका अनुभव, जीतने का जज्बा और खिलाड़ियों से जुड़ने की क्षमता टीम के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। उन्होंने युवराज को भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन मैच विजेताओं में से एक बताते हुए कहा कि उन्होंने कई युवा खिलाड़ियों को निखारने में अहम भूमिका निभाई है।

फ्रेंचाइजी सह-मालिक और जीएमआर स्पोर्ट्स के संस्थापक किरण कुमार ग्रांधी ने भी युवराज का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवराज का शानदार क्रिकेट करियर, प्रतिस्पर्धी भावना और खेल की गहरी समझ टीम के कोचिंग ढांचे को मजबूती देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवराज के अनुभव और मार्गदर्शन से खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार आएगा।

वहीं, अपनी नियुक्ति पर युवराज ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के साथ नई पारी शुरू करना उनके लिए खास है। फ्रेंचाइजी के साथ उनका पुराना जुड़ाव रहा है और वह उसके मालिकों को भी अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने कहा कि वह टीम के कोचिंग स्टाफ के साथ काम करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने के लिए उत्साहित हैं।