ग्राम प्रहरियों को योगी की डबल सौगात, मानदेय में बढ़ोतरी के साथ पांच लाख तक कैशलेस इलाज :

लखनऊ ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : कासगंज की पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री के ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह का लाइव प्रसारण हुआ जिसमें 582 ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया गया। सरकार ने ग्राम प्रहरियों का वेतन 40 फीसदी बढ़ाया है, अब उन्हें 2500 की जगह 3500 रुपए मिलेंगे। मानदेय में 40 प्रतिशत वृद्धि से हर ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। गृह विभाग से जुड़े ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों, आपसी विवादों और कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाते हैं। वे लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे और राजधानी में कई दिनों से धरना दे रहे थे।कार्यक्रम का मकसद उनके काम को सम्मान देना और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था। लाइव प्रसारण के जरिए ग्राम प्रहरियों ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम देखा।
लोकभवन में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मेलन में सीएम योगी ने कहा कि पहले उन्हें चौकीदार शब्द अच्छा नहीं लगता था, जिसके कारण उन्होंने वाराणसी के सम्मेलन में ग्राम चौकीदार का पदनाम बदलकर ग्राम प्रहरी किया था, लेकिन अब चौकीदार शब्द पर उन्हें गर्व होता है। ऐसा इसलिए क्योंकि पीएम मोदी खुद को देश का चौकीदार कहते हैं, उन्हें चौकीदार कहलाने में गर्व का अनुभव होता है। उन्होंने ग्राम प्रहरियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि चौकीदार चौकन्ना रहें तो चोर भय खाते हैं। ग्राम प्रहरी जैसे ही चौकन्ना होंगे पंचायतें सुरक्षित हो जाएंगी।
पीएम मोदी भी लेते हैं रात में बड़े फैसले :
सीएम योगी ने कहा कि चौकीदार का काम रात में अधिक होता है। इसलिए पीएम मोदी ने एक सजग चौकीदार की तरह रात्रि में ही बड़े फैसले लिए हैं। इनमें नोटबंदी, जीएसटी, एयर स्ट्राइक इत्यादि शामिल हैं। ग्राम प्रहरियों से कहा कि आप भी रात में चौकन्ना रहें। गांव वालों की गतिविधियों पर नजर रखें। अवैध शराब का कारोबार, अवैध बूचड़खाने आदि की जानकारी समय से थानों को दें।
मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों से कहा कि वह प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन (पीएम-एसवाईएम) योजना का लाभ उठाएं और उसमें प्रतिभाग करें। वहां उपस्थित उच्चाधिकारियों से सीएम ने कहा कि वे प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना से चौकीदारों को जोड़ें। न्यूनतम धनराशि का अंशदान कर चौकीदार 60 साल की उम्र के बाद न्यूनतम तीन हजार रुपये मासिक पेंशन के हकदार हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गांवों में तैनात 68337 चौकीदारों साइकिल, साफा, कोट, जर्सी, धोती, जूता दिया जाएगा। पीएम स्वास्थ्य बीमा योजना, सीएम आरोग्य योजना आदि योजनाओं से जोड़ने को भी कहा।