बिना अनुमति वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में जोड़ा नाम, शिखर धवन उठाएंगे कानूनी कदम

पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में अपनी भागीदारी को लेकर सामने आई खबरों पर सफाई देते हुए बोला कि आयोजकों ने उनकी जानकारी और अनुमति के बिना उनके नाम का इस्तेमाल किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में उनकी टीम उचित कानूनी कदम उठाएगी।

धवन ने एक्स पर एक पोस्ट साझा कर इस मामले पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उन्हें वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में प्रतिभागी के रूप में अपना नाम इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली है, जबकि उन्होंने इसके लिए कोई अनुमति नहीं दी थी।

उन्होंने बयान में कहा, “मैंने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में प्रतिभागी के रूप में अपना नाम देखा है। आयोजकों ने मेरी जानकारी या अनुमति के बिना मेरे नाम का इस्तेमाल किया है और मेरी टीम इस मामले से निपटने के लिए उचित कानूनी कदम उठाएगी। मैं मीडिया और अपने फैंस से अनुरोध करता हूं कि वे किसी भी अनधिकृत घोषणा के आधार पर खबरें न चलाएं और न ही उन पर भरोसा करें। आपके निरंतर प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।”

साभार : गूगल

शिखर धवन ने भारत का तीनों प्रारूपों में प्रतिनिधित्व किया, लेकिन वनडे क्रिकेट में उनका प्रदर्शन विशेष रूप से प्रभावशाली रहा। उन्होंने 167 वनडे मुकाबलों में 44.1 के औसत से 6,793 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 17 शतक और 39 अर्धशतक निकले।

@SDhawan25

टेस्ट क्रिकेट में धवन ने 34 मैचों में 40.6 के औसत से 2,315 रन बनाए। उनके नाम इस प्रारूप में सात शतक और पांच अर्धशतक दर्ज हैं। टी20 में धवन ने 68 मुकाबले खेले और 27.9 के औसत से 1,759 रन बनाए। इस प्रारूप में उन्होंने 11 अर्धशतक लगाए।