फीफा का बड़ा फैसला, सदस्य देशों को अब हर चार साल में मिलेंगे 25 मिलियन डॉलर

विश्व फुटबॉल में विकास को नई गति देने के लिए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) 2027 से 2030 तक की अवधि में अपने सदस्य देशों को मिलने वाली वित्तीय सहायता में बड़ी बढ़ोतरी करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत प्रत्येक राष्ट्रीय फुटबॉल संघ को चार साल में 25 मिलियन अमेरिकी डॉलर देने का प्रस्ताव है, जबकि पहले यह राशि 10 मिलियन डॉलर थी।

फीफा की इस योजना का उद्देश्य सदस्य देशों में फुटबॉल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ महिला और युवा फुटबॉल के विकास को बढ़ावा देना है।

फीफा ने 14 अक्टूबर को जारी एक दस्तावेज में बोला कि हाल ही में आयोजित विश्व कप से मिली अभूतपूर्व व्यावसायिक सफलता के बाद वह फुटबॉल विकास में निवेश बढ़ाने की योजना बना रहा है। इसके लिए 2027-2030 की अवधि में कुल 6.35 बिलियन अमेरिकी डॉलर का कोष प्रस्तावित किया गया है। इसमें फीफा के वित्तीय भंडार से 3.5 बिलियन डॉलर से अधिक की राशि सदस्य देशों में वितरित करने का प्रस्ताव भी शामिल है।

साभार : गूगल

इस वित्तीय योजना के तहत फीफा अपने 211 सदस्य संघों, छह महाद्वीपीय परिसंघों और अन्य हितधारकों के बीच फुटबॉल विकास के लिए निवेश बढ़ाना चाहता है। इसके अलावा, छह महाद्वीपीय परिसंघों में से प्रत्येक को 99 मिलियन अमेरिकी डॉलर देने की पेशकश की जाएगी।

फीफा के अनुसार, यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो 2027 से 2030 के बीच सदस्य देशों को मिलने वाली वित्तीय सहायता मौजूदा व्यवस्था के मुकाबले दोगुने से भी अधिक हो जाएगी। इससे उन देशों को विशेष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है, जहां फुटबॉल के विकास के लिए संसाधन सीमित हैं।

फीफा ने दस्तावेज में स्पष्ट किया कि प्रस्तावित वित्तीय योजना को दिसंबर 2026 में फीफा परिषद अंतिम रूप देगी। मार्च 2027 में होने वाली 77वीं फीफा कांग्रेस में इसे अंतिम मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद यह योजना 2027 से 2030 तक लागू होगी। इस प्रस्ताव से फीफा का जोर केवल वित्तीय सहायता बढ़ाने पर ही नहीं, बल्कि महिला और युवा फुटबॉल में निवेश को प्राथमिकता देने पर भी है।