गाथा खडके का सटीक निशाना, पृथ्वीराज योद्धाज ने चेरो आर्चर्स को दी मात

हैदराबाद : पिछली बार जब पृथ्वीराज योद्धाज और चेरो आर्चर्स की टीमें आमने-सामने थीं, तब विजेता का फैसला करने के लिए तीन बार सडन डेथ टाईब्रेकर का सहारा लेना पड़ा था। लेकिन बुधवार को दोनों टीमों के बीच हुए दूसरे मुकाबले में पृथ्वीराज योद्धाज ने एकतरफा अंदाज में 5-1 से जीत दर्ज की और आर्चरी प्रीमियर लीग सीजन-2 में चेरो आर्चर्स को लगातार तीसरी हार झेलने पर मजबूर कर दिया।

16 वर्षीय रिकर्व तीरंदाज गाथा आनंद राव खडके के शानदार प्रदर्शन की बदौलत योद्धाज ने चेरो आर्चर्स को 5-1 से हराया

पृथ्वीराज योद्धाज की जीत में 16 वर्षीय रिकर्व तीरंदाज गाथा आनंद राव खडके ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने संभावित 60 में से 58 अंक हासिल किए, जबकि एशियाई खेलों के कंपाउंड पदक विजेता गणेश थिरुमुरु ने 59 अंक जुटाए।

इस जीत के साथ पृथ्वीराज योद्धाज ने लगातार खराब प्रदर्शन के दौर से उबरते हुए अपने अंकों की संख्या आठ तक पहुंचा दी। दूसरी ओर, सीजन की शानदार शुरुआत करने वाली चेरो आर्चर्स की टीम को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।

Picture Credit – Arcehry Premier League

भारतीय तीरंदाजी संघ की पहल पर शुरू हुई आर्चरी प्रीमियर लीग दुनिया की पहली फ्रेंचाइजी आधारित तीरंदाजी लीग है। इसमें छह टीमें और कुल 48 तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 36 भारतीय और 12 अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ी शामिल हैं। हैदराबाद के पीपुल्स प्लाजा में आयोजित इस लीग का समापन 18 अक्टूबर को होगा। सेमीफाइनल में शीर्ष चार टीमें जगह बनाएंगी, जिसके बाद खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

पिछले मुकाबले की तरह इस बार भी दोनों टीमों के बीच शुरुआती सेट में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहला सेट 75-75 से बराबरी पर समाप्त हुआ। हालांकि, दूसरे सेट में चेरो आर्चर्स की पकड़ कमजोर पड़ गई। कुमकुम अनिल मोहोड़ को अपना आखिरी तीर चलाने के लिए बहुत कम समय मिला और वह केवल सात अंक ही हासिल कर सकीं। दूसरी ओर, योद्धाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार बार 10 अंक हासिल किए और सेट 77-75 से अपने नाम कर लिया।

Picture Credit – Arcehry Premier League

तीसरे सेट से पहले अमेरिका की केसी कॉफहोल्ड ने कुमकुम की जगह ली, लेकिन उन्होंने शुरुआत आठ अंकों के साथ की। इससे पृथ्वीराज योद्धाज को बढ़त बनाने का मौका मिल गया। गाथा ने एक बार फिर शानदार निशानेबाजी करते हुए इस सेट में दो बार 10 अंक हासिल किए। इसके बाद मैथियास ग्रांडे ने संयमित प्रदर्शन करते हुए 77-74 से सेट जीतकर योद्धाज की 5-1 की जीत पक्की कर दी।

गुरुवार को लीग चरण के निर्णायक दौर में तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में पृथ्वीराज योद्धाज की टीम चोला चीफ्स के अस्थिर प्रदर्शन का फायदा उठाकर सेमीफाइनल की ओर कदम बढ़ाना चाहेगी। दूसरे मुकाबले में गत चैंपियन राजपूताना रॉयल्स का सामना शानदार फॉर्म में चल रही माइटी मराठाज से होगा। दिन के आखिरी मुकाबले में घरेलू टीम काकतीय नाइट्स और चेरो आर्चर्स आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले पर भी सभी की निगाहें रहेंगी।

Picture Credit – Arcehry Premier League

आर्चरी प्रीमियर लीग सीजन-2 का सीधा प्रसारण सोनीलिव , दूरदर्शन, भारतीय तीरंदाजी संघ के यूट्यूब चैनल और Archery+ पर किया जा रहा है। मुकाबलों के टिकट जोमैटो के डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।

स्कोर: सातवां दिन (14 अक्टूबर), रात 8:30 बजे तक

मैच 1: पृथ्वीराज योद्धाज 5-1 (75-75, 77-75, 77-74) चेरो आर्चर्स।

समाप्त